अपराध पर डबल एक्शन! शराब सप्लाई गैंग का पर्दाफाश और यूट्यूबर अनुराग डोभाल गिरफ्तार
देहरादून। राजधानी देहरादून में पुलिस और आबकारी विभाग की कार्रवाई में दो बड़े मामलों का खुलासा हुआ है।
प्रेमनगर के बिधौली क्षेत्र में कॉलेज छात्र-छात्राओं को इम्पोर्टेड शराब की होम डिलीवरी करने वाले नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है, जिसका मास्टरमाइंड 25 वर्षीय लॉ स्टूडेंट गर्वित उर्फ विक्रांत बताया गया है।
जांच में सामने आया कि वह व्हाट्सएप ग्रुप और डिलीवरी बॉय के जरिए पीजी और हॉस्टलों तक शराब पहुंचाता था।
नेटवर्क में युवाओं को वेतन पर रखा गया था और प्रतिदिन बड़ी मात्रा में शराब की सप्लाई की जा रही थी। मामले में अब तक कई गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि मुख्य आरोपी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है।
वहीं दूसरी ओर बिग बॉस फेम यूट्यूबर अनुराग डोभाल (यूके-07 राइडर) को देहरादून पुलिस ने अपहरण और मारपीट के आरोप में फिर गिरफ्तार किया है।
नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में दर्ज मुकदमे के अनुसार अनुराग और उसके साथियों पर एक युवक को बुलाकर उसके साथ मारपीट करने, अपहरण की कोशिश करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप हैं।
पुलिस ने अनुराग डोभाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से सभी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दोनों मामलों ने देहरादून में कानून-व्यवस्था और युवाओं के बीच बढ़ते अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक तरफ छात्रों तक शराब पहुंचाने वाले संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है, तो दूसरी ओर सोशल मीडिया की दुनिया से जुड़े चर्चित चेहरे पर गंभीर आपराधिक आरोप लगने से मामला सुर्खियों में है।



