धन सिंह रावत और प्रीतम सिंह पहुंचे श्री दरबार साहिब, श्रीमहंत देवेंद्र दास से की मुलाकात

धन सिंह रावत और प्रीतम सिंह पहुंचे श्री दरबार साहिब, श्रीमहंत देवेंद्र दास से की मुलाकात

  • अस्पताल के 140 करोड़ बकाये पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

देहरादून। उत्तराखंड की राजनीति में श्री दरबार साहिब में हुई दो महत्वपूर्ण मुलाकातें चर्चा में हैं। रविवार को उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने श्री दरबार साहिब पहुंचकर श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की, तो सोमवार को चकराता विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने महाराज से मुलाकात की।

दोनों मुलाकातों में उत्तराखंड के विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। हालांकि, प्रीतम सिंह की मुलाकात के दौरान श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की करीब 140 करोड़ रुपये की बकाया धनराशि का मुद्दा प्रमुखता से उठा।

इसके साथ ही चकराता में अस्पताल की शाखा और विकासनगर में एसजीआरआर विश्वविद्यालय का ऑफ-कैंपस खोलने की मांग भी रखी गई।

धन सिंह रावत ने टेका मत्था, शिक्षा और चिकित्सा के क्षेत्र में एसजीआरआर के प्रयासों को सराहा
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत रविवार शाम ऐतिहासिक श्री दरबार साहिब पहुंचे।

यहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया और दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की।

इस दौरान प्रदेश के समसामयिक विषयों, उच्च शिक्षा और राज्य के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई। श्री दरबार साहिब की परंपराओं के अनुरूप मंत्री का स्वागत किया गया। भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।

डॉ. धन सिंह रावत ने श्री गुरु राम राय ग्रुप के विभिन्न संस्थानों की ओर से शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के मेडिकल शिक्षा, कृषि, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

वहीं, श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में उपलब्ध कराई जा रही स्कूली शिक्षा और विश्वविद्यालय में संचालित उच्च शिक्षा के विभिन्न पाठ्यक्रमों की जानकारी साझा की।

प्रीतम सिंह ने उठाया 140 करोड़ रुपये के बकाये का मुद्दा

सोमवार को चकराता विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल श्री दरबार साहिब पहुंचा। उन्होंने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की तथा श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। प्रीतम सिंह ने उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि अस्पताल उत्तराखंड के साथ ही पड़ोसी राज्यों के मरीजों को भी बेहतर उपचार उपलब्ध करा रहा है।

उन्होंने कहा कि चकराता विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ और ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए अस्पताल पहुंचते हैं।

आयुष्मान भारत, गोल्डन कार्ड, ईसीएचएस और सीजीएचएस जैसी सरकारी योजनाओं के तहत मरीजों को मिल रही सुविधाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बड़ी राहत हैं।

हालांकि, इस दौरान उन्होंने अस्पताल की करीब 1 अरब 40 करोड़ रुपये की बकाया धनराशि का भुगतान नहीं होने पर चिंता जताई।

प्रीतम सिंह ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से भुगतान नहीं किए जाने से स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने सरकार से अस्पताल की बकाया धनराशि का तत्काल भुगतान करने की मांग की।

कांग्रेस सरकार बनने पर तीन महीने में भुगतान का दावा

प्रीतम सिंह ने कहा कि मार्च 2027 में कांग्रेस की सरकार बनने पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों की बकाया धनराशि का पूर्ण भुगतान तीन महीने के भीतर किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र के अस्पताल प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और सरकार को उनके सहयोग तथा समस्याओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए।

चकराता में अस्पताल और विकासनगर में विश्वविद्यालय का ऑफ-कैंपस खोलने की मांग

मुलाकात के दौरान प्रीतम सिंह ने चकराता विधानसभा क्षेत्र में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की शाखा खोलने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए क्षेत्र में अस्पताल की शाखा स्थापित करना महत्वपूर्ण होगा।

इसके साथ ही उन्होंने विकासनगर में श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का ऑफ-कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने इस दौरान एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अंतर्गत संचालित विद्यालयों और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी साझा की।

इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता लालचंद शर्मा और पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार सहित कांग्रेस के अन्य प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इन दोनों मुलाकातों में एक तरफ प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री ने एसजीआरआर संस्थानों के शैक्षणिक योगदान की सराहना की, तो दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक ने उसी संस्थान से जुड़े अस्पताल के बकाया भुगतान को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दों पर हुई इन मुलाकातों के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।