बिग ब्रेकिंग: CEC के खिलाफ सड़क पर विपक्ष। राहुल समेत 300 सांसदों को रोका, जमकर हंगामा

CEC के खिलाफ सड़क पर विपक्ष। राहुल समेत 300 सांसदों को रोका, जमकर हंगामा

नई दिल्ली। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार को हटाने और कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर मंगलवार को INDIA ब्लॉक ने राजधानी दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन किया।

संसद परिसर से चुनाव आयोग मुख्यालय तक मार्च निकालने की कोशिश कर रहे विपक्षी सांसदों को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले समेत कई विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में धरने पर बैठ गए।

विपक्ष के प्रस्तावित मार्च को देखते हुए रफी मार्ग, रायसीना रोड और संसद के आसपास के कई मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।

जंतर-मंतर और चुनाव आयोग मुख्यालय के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा बैरिकेडिंग कर आवाजाही सीमित कर दी गई। नई दिल्ली जिले में 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बॉडी कैमरों से निगरानी भी की गई।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि करीब 300 सांसदों को चुनाव आयोग तक जाने से रोका गया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग महज कुछ दूरी पर है, लेकिन प्रतिनिधियों को वहां पहुंचने नहीं दिया जा रहा।

राहुल गांधी ने कहा कि वे केवल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलकर सवाल पूछना चाहते हैं और जब तक अनुमति नहीं मिलेगी, विरोध जारी रहेगा।
प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बैरिकेडिंग पर बैठे नजर आए।

एक मौके पर राहुल गांधी पुलिस बैरियर पर चढ़कर तिरंगा लहराते भी दिखाई दिए। बाद में दोनों नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंचे, जहां विपक्षी सांसदों ने धरना जारी रखा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव आयोग पर सरकार के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक अधिकारों और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष कर रहा है।

वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाए और कई चुनावों का हवाला देते हुए गंभीर आरोप लगाए।

RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग कर रहा है। दूसरी ओर भाजपा ने पूरे आंदोलन को राजनीतिक नौटंकी करार देते हुए कांग्रेस पर चुनाव आयोग को बदनाम करने और देश में भ्रम फैलाने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। क्षेत्र में धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को हटने की चेतावनी देती रही।

शाम तक राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, दीपेंद्र हुड्डा, पवन खेड़ा समेत कई विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में डटे रहे। कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड़, टीएमसी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन और महुआ मोइत्रा भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं।

विपक्ष ने साफ किया कि यह आंदोलन अब राष्ट्रव्यापी अभियान का रूप लेगा और 10 अक्टूबर से चरणबद्ध तरीके से पूरे देश में प्रदर्शन किए जाएंगे।