क्राइम रिपोर्ट: हत्या, ठगी, घालमेल और अनियमितताओं समेत कई बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….

हत्या, ठगी, घालमेल और अनियमितताओं समेत कई बड़ी खबरें, एक क्लिक में पढ़ें….

देहरादून। उत्तराखंड में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रशासनिक सख्ती को लेकर गुरुवार को कई अहम घटनाक्रम सामने आए।

हल्द्वानी में 29 वर्षीय युवक अमन ठाकुर की हत्या का पुलिस ने 15 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि देहरादून में साइबर ठगी, कर चोरी और जन सेवा केंद्रों की अनियमितताओं पर बड़ी कार्रवाई की गई।

वहीं नैनीताल, ऋषिकेश और हरिद्वार समेत कई जिलों से भी महत्वपूर्ण घटनाएं सामने आईं।
हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में अमन ठाकुर हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने निक्की उर्फ नाटी को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी को अपनी पत्नी और अमन के बीच संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते उसने दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी को रेलवे स्टेशन के पास गौला नदी किनारे से गिरफ्तार किया गया।

नैनीताल में 20 वर्षों तक पुलिस विभाग में सेवा देने वाले आरक्षी पवन कुमार का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। उन्हें बाजपुर स्थित पैतृक गांव में पूरे राजकीय सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम विदाई दी गई। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार के बाद गौला नदी में नहाने उतरा युवक तेज बहाव में बह गया। SDRF और पुलिस की तत्परता से उसका सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया।

मानव तस्करी और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट ने हल्द्वानी के छह स्पा सेंटरों पर कार्रवाई करते हुए 30 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला।

कर्मचारियों का सत्यापन न कराने और ग्राहक रजिस्टर में पूर्ण विवरण दर्ज न करने जैसी अनियमितताएं सामने आईं।

देहरादून में राज्य कर विभाग ने त्योहारी सीजन से पहले मिठाई और बेकरी कारोबारियों के खिलाफ व्यापक जांच अभियान चलाया।

प्रदेशभर के 41 प्रतिष्ठानों की जांच में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के गलत उपयोग के मामले सामने आए। जांच के दौरान ही 2.53 करोड़ रुपये जमा कराए गए हैं।

वहीं देहरादून की झाझरा स्थित सेरेन ग्रीन्स सोसाइटी में ग्रीन एरिया में निर्माण के मामले में रियल एस्टेट अपीलीय न्यायाधिकरण ने बिल्डर पर लगाया गया पांच लाख रुपये का जुर्माना बरकरार रखा और बिना अनुमति आगे निर्माण पर रोक लगा दी।

ऋषिकेश में गंगा किनारे दो नवजात बच्चियों के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक बच्ची करीब 10 माह की बताई जा रही है, जबकि दूसरी नवजात की नाल तक नहीं कटी थी।
देहरादून में साइबर सेल की जांच में विभिन्न बैंकों के एटीएम से 5.61 लाख रुपये से अधिक की संदिग्ध निकासी का मामला सामने आया है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में रकम म्यूल अकाउंट से निकाले जाने की बात सामने आई है।

हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र से एक नाबालिग किशोरी के लापता होने पर पुलिस ने 20 वर्षीय युवती के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। दोनों की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

उधर रुद्रपुर में एक महिला ने छह लोगों पर पति को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर पैसे मांगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

देहरादून में जिला प्रशासन ने जन सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली की जांच के दौरान चार CSC केंद्रों को सील कर दिया। कई केंद्रों से कंप्यूटर और लैपटॉप भी अभिरक्षा में लिए गए हैं।

प्रशासन का कहना है कि आम जनता से जुड़ी सेवाओं में किसी भी तरह की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।