राजनीति: भाजपा पर कांग्रेस का तीखा हमला, ओबीसी नेता समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

भाजपा पर कांग्रेस का तीखा हमला, ओबीसी नेता समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का दामन

देहरादून। उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले राजनीतिक सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। एक ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा हल्द्वानी में राहुल गांधी को लेकर दिए गए बयान पर कड़ा पलटवार किया है।

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने भाजपा को संगठनात्मक झटका देते हुए उसके ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं को पार्टी में शामिल कराया है।

गणेश गोदियाल ने बयान जारी कर कहा कि धर्म, जाति और संप्रदाय के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा को देश की एकता और भाईचारे पर उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक ऐतिहासिक यात्राएं निकालकर देश में प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जबकि भाजपा लगातार समाज को बांटने की राजनीति कर रही है।

गोदियाल ने कहा कि जब राहुल गांधी पिछड़ों, दलितों और वंचित वर्गों को उनका अधिकार दिलाने के लिए जातीय जनगणना की मांग करते हैं तो भाजपा नेताओं को उसमें देश का बंटवारा नजर आने लगता है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के डीएनए में ही ध्रुवीकरण और विभाजनकारी राजनीति शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का उत्तराखंड दौरा राज्य और केंद्र सरकार की विफलताओं से ध्यान भटकाने की कोशिश है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने महिला सुरक्षा, अंकिता भंडारी हत्याकांड, बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों को उठाते हुए कहा कि जनता इन सवालों के जवाब चाहती है, लेकिन भाजपा इन मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्ष पर आरोप लगाने में व्यस्त है।

उन्होंने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित शुद्धिकरण प्रकरण का भी जिक्र करते हुए इसे दलित विरोधी मानसिकता का प्रतीक बताया और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग दोहराई।

इसी बीच कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा ओबीसी विभाग के जिला उपाध्यक्ष दिनेश सिंह पंवार ने अपने दर्जनों समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।

गणेश गोदियाल ने सभी नए सदस्यों का पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। कांग्रेस के अनुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी थैलीसैंण के अध्यक्ष मंगल सिंह के प्रयासों से यह सदस्यता अभियान सफल हुआ।

इस अवसर पर गोदियाल ने भाजपा के चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर खाते में 15 लाख रुपये और हर वर्ष दो करोड़ रोजगार देने जैसे बड़े वादे किए थे, लेकिन इनमें से कोई भी वादा पूरा नहीं हुआ।

उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नीतियों और अधूरे वादों से निराश लोग अब कांग्रेस की ओर लौट रहे हैं।

गोदियाल ने कहा कि हाल के दिनों में कांग्रेस में शामिल होने वाले अधिकांश लोग पहले पार्टी के समर्थक नहीं थे, लेकिन अब उन्हें कांग्रेस पर भरोसा दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में विभिन्न जिलों में और भी लोग कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।

साथ ही उन्होंने भाजपा के चुनावी संकल्पों पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव जीतने का संकल्प लेने से पहले भाजपा को जनता से किए गए पुराने वादों और संकल्पों का हिसाब देना चाहिए।

राज्य की राजनीति में एक ओर भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, वहीं दूसरी ओर नेताओं और कार्यकर्ताओं के दल-बदल से चुनावी माहौल भी लगातार गर्माता जा रहा है।

2027 के विधानसभा चुनाव से पहले दोनों दल जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटे हुए हैं।