देहरादून में भारी बारिश के मद्देनजर कल सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित, आदेश जारी
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के बिगड़े मिजाज के बीच देहरादून जिले में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग और राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के सचेत पोर्टल से जारी ताजा मौसम पूर्वानुमान/नाउकास्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है।
देहरादून जिले में 31 अगस्त 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।
जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार, अगले 24 घंटे में देहरादून जनपद के कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना जताई गई है।
मौसम की इस स्थिति को देखते हुए किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को कम करने और आपदा न्यूनीकरण के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 31 अगस्त को जिले के सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे। संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने स्तर से सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं।
प्रशासन ने लोगों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।


