बड़ी खबर: हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, कांग्रेस आज करेगी प्रदर्शन

हल्द्वानी मंच शुद्धिकरण मामले में राहुल गांधी के खिलाफ FIR, कांग्रेस आज करेगी प्रदर्शन

देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद कथित मंच शुद्धिकरण को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक टकराव के साथ कानूनी लड़ाई में भी बदल गया है।

एक ओर कांग्रेस इस घटना को दलित समाज और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान बताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रही है, वहीं दूसरी ओर श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास की शिकायत पर कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर राहुल गांधी के खिलाफ BNS की धारा 196 और 299 तथा SC/ST एक्ट की धारा 3(1)(Q) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की विवेचना पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार सैनी को सौंपी गई है।

राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत, जातिसूचक टिप्पणी का आरोप

श्रीराम सेना धर्मार्थ सेवा न्यास से जुड़े विनोद कुमार आर्य और अमित कुमार की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि राहुल गांधी की ओर से अनुसूचित जाति समाज को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी के बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस से उन्हें तथा उनके समाज को ठेस पहुंची। उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी के मुताबिक, दलित समाज से आने वाले अमित नाम के व्यक्ति की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। शिकायत में राहुल गांधी के बयान और प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर आपत्ति जताई गई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

कांग्रेस ने किया मौन प्रदर्शन

मंच शुद्धिकरण के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मौन प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश, खटीमा विधायक भुवन कापड़ी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर मौन रहकर अपना विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि सार्वजनिक मंच के कथित शुद्धिकरण की घटना सामाजिक सौहार्द और लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

कांग्रेस ने मांग की कि घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पार्टी का कहना है कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर इस तरह का व्यवहार स्वीकार नहीं किया जा सकता।

डीजीपी मुख्यालय पर उपवास का ऐलान

कांग्रेस ने इस मामले को अब प्रदेश स्तर पर भी उठाने का फैसला किया है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस आमंत्रण के मुताबिक, 31 अगस्त को सुबह 11:30 बजे कांग्रेसजन संबंधित पुलिस चौकी पहुंचकर मंच शुद्धिकरण प्रकरण में दोषियों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग करेंगे।

कांग्रेस का कहना है कि 8 अगस्त को खड़गे की रैली के बाद कुछ लोगों द्वारा मंच के कथित शुद्धिकरण के मामले में अब तक प्रभावी पुलिस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी के विरोध में पार्टी आगे आंदोलन करेगी। कांग्रेस ने पुलिस मुख्यालय के बाहर उपवास और अनशन का भी ऐलान किया है।

भाजपा ने कांग्रेस पर लगाया राजनीति करने का आरोप

वहीं भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनोद चमोली ने कहा कि किसी व्यक्ति या संगठन पर दलित विरोधी मानसिकता का आरोप लगाना गंभीर विषय है और इसके लिए ठोस आधार होना चाहिए।

भाजपा का तर्क है कि राहुल गांधी ने इस घटना को मल्लिकार्जुन खड़गे की दलित पहचान से जोड़कर देखा है, जबकि संबंधित आयोजक संस्था ने ऐसी किसी मंशा से इनकार किया है। भाजपा ने कांग्रेस से सवाल किया है कि यदि इस मामले में SC/ST एक्ट के तहत अपराध बनता है तो उसका ठोस कानूनी आधार क्या है।

भाजपा का कहना है कि कांग्रेस इस मुद्दे के जरिए समाज में भ्रम पैदा करने और राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस ने भाजपा पर साधा निशाना

कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया है। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि कांग्रेस जाति की राजनीति नहीं करती, बल्कि विकास और सामाजिक भाईचारे की बात करती है। उन्होंने भाजपा पर गंभीर मुद्दे को राजनीतिक रंग देने का आरोप लगाया।

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा एक ओर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के विचारों की बात करती है, लेकिन दूसरी ओर उसके नेताओं और समर्थकों की ओर से समय-समय पर दलित विरोधी मानसिकता के आरोप सामने आते रहे हैं।

अब आमने-सामने कांग्रेस और भाजपा

8 अगस्त को खड़गे की हल्द्वानी रैली के बाद शुरू हुआ मंच शुद्धिकरण विवाद अब कई स्तरों पर पहुंच चुका है। पहले कथित शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस ने विरोध जताया, फिर राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर सवाल उठाए और अब उनके खिलाफ ही पुलिस मुकदमा दर्ज हो गया है।

एक तरफ कांग्रेस दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सड़क पर उतर रही है, तो दूसरी तरफ राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR ने राजनीतिक विवाद को नया मोड़ दे दिया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही अपने-अपने तर्कों के साथ आमने-सामने हैं।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस जांच इस विवाद को किस दिशा में ले जाती है और क्या मंच शुद्धिकरण मामले में भी कोई कानूनी कार्रवाई होती है। फिलहाल हल्द्वानी का यह विवाद राजनीतिक बयानबाजी से आगे बढ़कर कानूनी और सामाजिक बहस का मुद्दा बन चुका है।