बिग ब्रेकिंग: मौसम का यू-टर्न! हेमकुंड साहिब-बदरीनाथ और औली में बर्फबारी, ओलावृष्टि से गाड़ियों के शीशे टूटे

मौसम का यू-टर्न! हेमकुंड साहिब-बदरीनाथ और औली में बर्फबारी, ओलावृष्टि से गाड़ियों के शीशे टूटे

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। पहाड़ों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि से ठंड बढ़ने लगी है। चमोली जिले के हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ धाम और औली की ऊंची चोटियों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है।

वहीं, हरिद्वार में तेज हवाओं के साथ हुई ओलावृष्टि से कई वाहनों के शीशे टूट गए, जबकि रामनगर के कानिया चौराहे पर विशालकाय पेड़ गिरने से स्कूटी और फल का ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि पेड़ गिरने की घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

हेमकुंड साहिब में कपाट बंद होने से पहले बर्फबारी

चमोली जिले में गुरुवार देर रात से मौसम में बदलाव देखने को मिला। जोशीमठ क्षेत्र में बारिश हुई, जबकि हेमकुंड साहिब, बदरीनाथ धाम और औली की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई।

हेमकुंड साहिब गुरुद्वारा परिसर, लक्ष्मण मंदिर और आसपास की पहाड़ियां बर्फ से ढक गईं। सुबह धूप खिलने के बाद बर्फ से ढकी चोटियां चमकती नजर आईं। हेमकुंड साहिब के कपाट 10 अक्टूबर को शीतकाल के लिए बंद होने हैं।

कपाट बंद होने से ठीक पहले हुई बर्फबारी के बीच श्रद्धालुओं में दर्शन को लेकर उत्साह बना रहा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, इस यात्रा सीजन में अब तक 3,78,737 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब में मत्था टेक चुके हैं।

हरिद्वार में ओलावृष्टि, वाहनों के शीशे टूटे

मैदानी इलाकों में भी मौसम का असर देखने को मिला। हरिद्वार में शुक्रवार सुबह आसमान में काले बादल छाने के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। रोशनाबाद और रावली क्षेत्रों में बड़े आकार के ओले गिरने से कई गाड़ियों के शीशे टूट गए।

अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई और मौसम सर्द हो गया। ओलावृष्टि के वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आए हैं।

रामनगर में सड़क पर गिरा विशालकाय पेड़, स्कूटी और ठेला क्षतिग्रस्त

नैनीताल जिले के रामनगर में बारिश के दौरान कानिया चौराहे पर पंजाब नेशनल बैंक के पास एक विशालकाय पेड़ अचानक सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में बैंक के बाहर खड़ी स्कूटी आ गई, जबकि पास में लगा फल का ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया।

पेड़ को गिरता देख ठेला संचालक ने समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचाई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने पेड़ को हटाकर रास्ता साफ कराया।

पहाड़ों में बढ़ी ठंड, मौसम के बदले मिजाज से जनजीवन प्रभावित

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह और देर शाम ठंड बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकालने शुरू कर दिए हैं।

अचानक हुई बारिश से सड़कों पर आवाजाही करने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। पहाड़ों में बर्फबारी जहां प्राकृतिक सौंदर्य का मनमोहक नजारा पेश कर रही है, वहीं मैदानी क्षेत्रों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।