शिक्षा: क्वांटम यूनिवर्सिटी में ‘दीक्षारंभ 2026’, छात्रों के हुनर और विशेषज्ञों के ज्ञान का संगम

क्वांटम यूनिवर्सिटी में ‘दीक्षारंभ 2026’, छात्रों के हुनर और विशेषज्ञों के ज्ञान का संगम

रुड़की। क्वांटम यूनिवर्सिटी में नए छात्रों के लिए तीन दिवसीय ‘दीक्षारंभ 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक माहौल से परिचित कराने के साथ-साथ विशेषज्ञों ने उन्हें लक्ष्य निर्धारण, कौशल विकास और सफलता के लिए जरूरी मार्गदर्शन दिया। विभिन्न सांस्कृतिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों में छात्रों ने उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में स्कूल ऑफ बिजनेस, स्कूल ऑफ टेक्नोलॉजी, स्कूल ऑफ हेल्थ साइंस, होटल मैनेजमेंट, लॉ, ह्यूमैनिटीज एंड सोशल साइंसेज और मीडिया स्टडीज सहित विभिन्न संकायों में प्रवेश लेने वाले नए छात्रों ने हिस्सा लिया।

हैंड्स-ऑन एक्टिविटीज, कार्यशालाओं और विभिन्न सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव और नई चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए गए।

‘दीक्षारंभ 2026’ के दौरान विज्ञान एवं तकनीकी विषयों, स्वास्थ्य विज्ञान, उद्योग जगत और आधुनिक तकनीक से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने अनुभव छात्रों के साथ साझा किए।

डीआरडीओ के विशेषज्ञ शंभू शर्मा, बहराइन पॉलिटेक्निक के डॉ. शाहनवाज खान, उत्तराखंड संस्कृति विश्वविद्यालय के पर्यावरण विज्ञान के आचार्य डॉ. विनय सेठी और जीबी पंत विश्वविद्यालय, पंतनगर के वैज्ञानिक प्रो. नीलकांत सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने छात्रों का मार्गदर्शन किया।

कार्यक्रम में एंटी रैगिंग स्क्वायड की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया गया। इसके अलावा विभिन्न संकायों के एल्युमिनी सदस्यों ने शिक्षा और आधुनिक तकनीक के बेहतर तालमेल के साथ करियर में आगे बढ़ने के लिए छात्रों को प्रेरित किया।

छात्रों को शोध एवं नवाचार, उद्योग सहयोग, प्रशिक्षण एवं रोजगार, कौशल विकास कार्यक्रमों, कार्यशालाओं, संगोष्ठियों और विभिन्न परियोजनाओं में भागीदारी के अवसरों की जानकारी दी गई।

उन्हें अपनी रुचि के अनुसार इन गतिविधियों में हिस्सा लेकर पढ़ाई के साथ व्यावहारिक अनुभव हासिल करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों को भी विश्वविद्यालय जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।

समापन अवसर पर क्वांटम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डॉ. विवेक कुमार ने कहा कि ‘दीक्षारंभ’ के माध्यम से नए छात्रों में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार हुआ है।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘दीक्षारंभ 2026’ विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों की ओर आगे बढ़ने और उन्नति के पथ पर सफलता हासिल करने में मददगार साबित होगा।