शर्मनाक: निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र का यौन उत्पीड़न, आरोपी प्रिंसिपल गिरफ्तार

निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र का यौन उत्पीड़न, आरोपी प्रिंसिपल गिरफ्तार

देहरादून। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए दून पुलिस ने एक बेहद गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई की है।

थाना प्रेमनगर क्षेत्र के एक प्रतिष्ठित निजी स्कूल (पौंधा-बिधौली मार्ग) में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र के साथ अश्लील हरकत व गलत काम करने के आरोपी स्कूल प्रबंधक/प्रधानाचार्य को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

बच्चे की चुप्पी ने खोला राज

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 20 जुलाई 2026 को प्रेमनगर निवासी एक पीड़ित पिता ने थाना प्रेमनगर में लिखित तहरीर दी। तहरीर में उन्होंने बताया कि उनका 15 वर्षीय पुत्र क्षेत्र के ही एक निजी स्कूल में पढ़ता है।

पिछले कुछ दिनों से बच्चा काफी अकेला और गुमसुम रहने लगा था। जब परिजनों ने प्यार से उससे इसका कारण पूछा, तो बच्चे ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि उसके स्कूल के प्रबंधक/प्रिंसिपल द्वारा उसके साथ अश्लील हरकतें व गलत काम किया जा रहा है।

सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज

मासूम छात्र के खुलासे के बाद परिजनों के होश उड़ गए। पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में तुरंत मुकदमा अपराध संख्या 142/26, धारा 5(एफ)/6/7/8 पोक्सो (POCSO) एक्ट के तहत नामजद अभियोग पंजीकृत किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर त्वरित गिरफ्तारी

मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल पुलिस टीम का गठन कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

प्रेमनगर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद अभियुक्त को धर दबोचा। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।