अल्मोड़ा में भ्रष्टाचार पर वार, 15 हजार की रिश्वत लेते लेखाकार रंगे हाथ गिरफ्तार
अल्मोड़ा। जनपद के विकासखंड लमगड़ा स्थित ब्लॉक कार्यालय में तैनात लेखाकार हर सिंह बिष्ट उर्फ हरीश सिंह बिष्ट को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मामला शौचालय निर्माण कार्य से जुड़े 3 लाख रुपये के टेंडर की एफडीआर रिलीज कराने का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि लेखाकार एफडीआर जारी करने के बदले 15,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा है।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने पहले इसकी पुष्टि की और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। बुधवार को टीम ने ब्लॉक कार्यालय लमगड़ा में जाल बिछाया और जैसे ही आरोपी ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की रकम ली, उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान टीम ने जरूरी साक्ष्य भी जुटाए। आरोपी हर सिंह बिष्ट वर्तमान में लमगड़ा ब्लॉक में लेखाकार के पद पर तैनात है और मूल रूप से बांसमीड़ा, चीनाखान (अल्मोड़ा) का निवासी बताया जा रहा है।
सतर्कता टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
वहीं, सतर्कता विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी कर्मचारी या अधिकारी रिश्वत की मांग करता है, तो उसकी तुरंत शिकायत करें, ताकि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा सके।

