वन अधिकारी राजीव नयन नौटियाल फिर सुर्खियों में, अब शासकीय लापरवाही पर नोटिस जारी
देहरादून। विकासनगर क्षेत्र में बीच सड़क मारपीट के मामले को लेकर चर्चा में रहे वन विभाग के अधिकारी राजीव नयन नौटियाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। इस बार उनके खिलाफ शासकीय कार्यों में लापरवाही को लेकर शासन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जानकारी के अनुसार, चकराता क्षेत्र में उप प्रभागीय वनाधिकारी (SDO) के पद पर तैनात राजीव नयन नौटियाल पर विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं।
आरोप है कि वे विभागीय मंत्री की महत्वपूर्ण बैठकों में भी अनुपस्थित रहे, जिससे प्रशासनिक कार्य प्रभावित हुए।
इन्हीं शिकायतों के आधार पर शासन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है और 15 दिनों के भीतर जवाब देने के निर्देश दिए हैं। नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि इससे पहले राजीव नयन नौटियाल उस समय चर्चा में आए थे, जब उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस वीडियो में उनके साथ सरेआम मारपीट की घटना सामने आई थी।
उन्होंने आरोप लगाया था कि अवैध खनन से जुड़े एक वाहन की तस्वीर खींचने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई। इस मामले में उन्होंने संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था।
इस पूरे प्रकरण पर जब ईटीवी भारत ने राजीव नयन नौटियाल से बात की, तो उन्होंने पुष्टि की कि उन्हें नोटिस प्राप्त हो चुका है और वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करेंगे।

