सावधान: उत्तराखंड पर फिर मौसम का कहर! 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा

उत्तराखंड पर फिर मौसम का कहर! 10 अगस्त तक भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में सबसे ज्यादा खतरा

देहरादून। उत्तराखंड में अगले छह दिनों तक मौसम खराब रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 10 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।

5 अगस्त के लिए देहरादून और बागेश्वर जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में येलो अलर्ट लागू रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को देहरादून और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश के साथ तेज से अति तेज वर्षा के दौर पड़ सकते हैं।

वहीं टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

6 अगस्त को देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पौड़ी गढ़वाल में भारी बारिश की संभावना है। 7 अगस्त को देहरादून, टिहरी और बागेश्वर में तथा 8 अगस्त को रुद्रप्रयाग, टिहरी और बागेश्वर में भारी वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। 9 और 10 अगस्त को भी पूरे राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने और सड़कें बाधित होने की आशंका जताई है। साथ ही बिजली, पानी जैसी आवश्यक सेवाएं प्रभावित होने की भी चेतावनी दी गई है।

विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों के किनारे न जाने और वज्रपात के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।