New Update: उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026: आवेदन का मिला अतिरिक्त समय, नई तिथियां जारी

उत्तराखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा 2026: आवेदन का मिला अतिरिक्त समय, नई तिथियां जारी

देहरादून। उत्तराखण्ड विद्यालयी शिक्षा परिषद् (UBSE), रामनगर ने उत्तराखण्ड अध्यापक पात्रता परीक्षा (UTET-I एवं UTET-II) 2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है।

प्रतिकूल मौसम और इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रभावित होने के कारण अभ्यर्थियों को आवेदन प्रक्रिया पूरी करने में आ रही कठिनाइयों को देखते हुए परिषद् ने यह निर्णय लिया है।

परिषद् के अनुसार, UTET-2026 का आयोजन 29 सितम्बर 2026 (मंगलवार) को राज्य के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा। UTET-I की परीक्षा सुबह 10:00 बजे से 12:30 बजे तक तथा UTET-II की परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से 4:30 बजे तक आयोजित होगी।

पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 3 अगस्त 2026 निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 9 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक) कर दिया गया है। निर्धारित समय के बाद किसी भी स्थिति में आवेदन पत्र या परीक्षा शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा।

संशोधित कार्यक्रम

  • ऑनलाइन आवेदन प्रारम्भ: 14 जुलाई 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 9 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
  • आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि: 11 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)
  • आवेदन पत्र में संशोधन: 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 (रात्रि 11:59 बजे तक)

अभ्यर्थी UTET-2026 के लिए परिषद् की आधिकारिक वेबसाइट www.ukutet.com पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।