उत्तराखंड में बारिश का कहर। देहरादून-बागेश्वर में ऑरेंज अलर्ट, स्कूल बंद। 99 सड़कें बाधित
देहरादून। उत्तराखंड में मानसून का असर लगातार बना हुआ है और मौसम का मिजाज फिलहाल बिगड़ा रहने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने बुधवार को देहरादून और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं 6 अगस्त तक देहरादून, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर, टिहरी गढ़वाल, चंपावत और नैनीताल सहित कई पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
लगातार हो रही बारिश के चलते जनजीवन प्रभावित होने लगा है। खराब मौसम को देखते हुए देहरादून और बागेश्वर में कक्षा 12 तक के सभी स्कूलों में बुधवार को अवकाश घोषित कर दिया गया है। पिछले 24 घंटों में मसूरी में सबसे अधिक वर्षा दर्ज की गई।
बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश के कई हिस्सों में यातायात बाधित है। देहरादून के कालसी-चकराता मार्ग सहित कई सड़कें प्रभावित हैं। राज्य के 10 जिलों में कुल 99 सड़कें बंद हैं। इनमें चमोली की 25, पिथौरागढ़ की 15 और बागेश्वर की 13 सड़कें सबसे अधिक प्रभावित हैं।
उधर ऋषिकेश में गंगा का जलस्तर चेतावनी स्तर के करीब पहुंच गया है। एहतियात के तौर पर घाटों पर एसडीआरएफ की तैनाती बढ़ा दी गई है और लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई है।
वहीं यमुनोत्री और गंगोत्री हाईवे पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। चारधाम यात्रा मार्गों पर प्रशासन लगातार निगरानी बनाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार 6 से 8 अगस्त के दौरान भी कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। विभाग ने लोगों से भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने, नदी-नालों से दूरी बनाए रखने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।


