DBUU में फैकल्टी के विभिन्न पदों पर बम्पर भर्ती, ऐसे करें आवेदन
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय (DBUU) ने शैक्षणिक और शोध के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक अनुभवी शिक्षाविदों एवं शोधकर्ताओं के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।
विश्वविद्यालय की ओर से रिसर्च फैकल्टी के विभिन्न पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पद शामिल हैं।

विश्वविद्यालय का उद्देश्य अपने बहुविषयक शोध, नवाचार और अकादमिक उत्कृष्टता के माहौल को और मजबूत करना है। इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक विषयों और शोध क्षेत्रों से जुड़े योग्य अभ्यर्थियों को अवसर दिया जा रहा है।
इन विषयों में उपलब्ध हैं अवसर
भर्ती के तहत कंप्यूटर साइंस एवं इंजीनियरिंग (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा साइंस, सिविल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग), कंप्यूटर एप्लीकेशन, मैनेजमेंट एंड कॉमर्स, फार्मास्युटिकल साइंसेज, एलाइड साइंसेज, बायोटेक्नोलॉजी एवं माइक्रोबायोलॉजी, एग्रीकल्चर, आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड डिजाइन, जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन, होटल मैनेजमेंट एंड टूरिज्म, नर्सिंग, पैरामेडिकल साइंसेज और आयुर्वेद सहित अन्य उभरते शोध क्षेत्रों में पद उपलब्ध हैं।
पीएचडी और शोध अनुभव जरूरी
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही यूजीसी और संबंधित वैधानिक संस्थाओं की ओर से निर्धारित पात्रता मानकों को पूरा करना अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों का शोध प्रोफाइल मजबूत होना चाहिए और उनके शोध पत्र Scopus और/या Web of Science (WoS) में इंडेक्स्ड जर्नल्स में प्रकाशित होने चाहिए।
विश्वविद्यालय की ओर से उन अभ्यर्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिनके पास बाहरी एजेंसियों से वित्तपोषित शोध परियोजनाओं, पेटेंट, कंसल्टेंसी, टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट, अंतरविषयक शोध सहयोग और महत्वपूर्ण अकादमिक उपलब्धियों का अनुभव है।
कैसे करें आवेदन?
इच्छुक अभ्यर्थियों को अपना अपडेटेड सीवी विश्वविद्यालय के मानव संसाधन विभाग के ईमेल hr@dbuu.ac.in पर भेजना होगा। सीवी में शोध प्रकाशनों, अकादमिक उपलब्धियों, पेटेंट, वित्तपोषित शोध परियोजनाओं और कंसल्टेंसी से जुड़े कार्यों का विवरण शामिल करना होगा।
विश्वविद्यालय के अनुसार, चयनित अभ्यर्थियों को उनकी शैक्षणिक योग्यता, पेशेवर अनुभव और शोध उपलब्धियों के अनुरूप प्रतिस्पर्धी वेतन दिया जाएगा।
यहां करें संपर्क
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के एचआर कार्यालय के नंबर 9105057101 और 9258126948 पर संपर्क कर सकते हैं। देवभूमि उत्तराखंड विश्वविद्यालय का परिसर नवगांव, मांडुवाला, देहरादून में स्थित है।



