‘धाकड़’ नाम से नहीं, काम से दिखना चाहिए दम, धामी सरकार पर बरसे गणेश गोदियाल
देहरादून। उत्तराखंड में कानून व्यवस्था और चंपावत में नाबालिग से जुड़े एक मामले को लेकर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर निशाना साधते हुए उनकी ‘धाकड़ धामी’ की छवि पर तंज कसा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नाम के साथ ‘धाकड़’ जुड़ने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सरकार के फैसलों और कार्यशैली में भी धाकड़पन दिखाई देना चाहिए। प्रदेश में सामने आ रहे घटनाक्रम सरकार की कार्यप्रणाली और कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
गोदियाल ने चंपावत में नाबालिग से दुष्कर्म के एक मामले का हवाला देते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि करीब आठ से दस महीने पहले सामने आए इस प्रकरण में शुरुआत में नाबालिग और उसके पिता ने एक व्यक्ति को नामजद किया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक, कुछ दिन बाद नाबालिग और उसके पिता के बयान बदल गए और शिकायतकर्ता का नाम ही आरोपी के रूप में सामने आ गया। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता पिछले करीब आठ महीने से जेल में बंद है।
गोदियाल ने आरोप लगाया कि मामले में अब नया मोड़ आया है। नाबालिग ने कथित तौर पर अपने बयान में कहा है कि उसे पुलिस स्टेशन बुलाकर पुलिसकर्मियों ने बयान बदलने के लिए दबाव बनाया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस घटनाक्रम को बेहद गंभीर बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
कानून व्यवस्था पर सरकार से मांगा जवाब
गणेश गोदियाल ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को न्यायप्रिय और कानून का सम्मान करने वाले लोगों की भूमि के रूप में जाना जाता है।
ऐसे में यदि किसी नाबालिग पर बयान बदलने का दबाव बनाए जाने और शिकायतकर्ता को ही जेल में बंद किए जाने जैसे आरोप सामने आते हैं, तो यह प्रदेश की कानून व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने जनता से भी इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से समझने की अपील की। गोदियाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक होती जा रही है और गलत के खिलाफ आवाज उठाने वालों के साथ क्या हो रहा है, यह भी जनता को देखना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से इस मामले में जवाब देने की मांग करते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की धज्जियां उड़ने के आरोपों को सरकार नजरअंदाज नहीं कर सकती। अब देखना होगा कि कांग्रेस के इन आरोपों पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।



