संसद का मानसून सत्र फिर होगा शुरू, 30 नवंबर को लोकसभा और 2 दिसंबर को राज्यसभा की बैठक
नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र को लेकर केंद्र सरकार ने एक बार फिर दोनों सदनों की बैठक बुलाने की पहल की है।
केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार (26 नवंबर) को जानकारी दी कि सरकार ने लोकसभा और राज्यसभा की बैठक दोबारा बुलाने का अनुरोध किया है। इसका उद्देश्य जरूरी सरकारी कामकाज को निपटाना है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी जानकारी साझा करते हुए बताया कि सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष से सोमवार, 30 नवंबर 2026 को लोकसभा की बैठक बुलाने का आग्रह किया है।
वहीं, राज्यसभा के सभापति से बुधवार, 2 दिसंबर 2026 को उच्च सदन की बैठक बुलाने का अनुरोध किया गया है।
रिजिजू के मुताबिक, सरकारी कामकाज की जरूरतों को देखते हुए दोनों सदनों की बैठकें 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती हैं। हालांकि, बैठकों को लेकर अंतिम निर्णय संबंधित पीठासीन अधिकारियों की ओर से लिया जाएगा।
100 दिन बाद फिर बुलाए जाएंगे संसद के सदन
गौरतलब है कि संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित (Adjourned Sine Die) कर दिया गया था। इसके बाद 100 दिनों से अधिक समय बीतने के बावजूद सत्रावसान (Prorogation) की औपचारिक प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है।
ऐसे में सरकार की ओर से प्रस्तावित ये बैठकें किसी नए संसदीय सत्र की शुरुआत नहीं होंगी, बल्कि मानसून सत्र की ही आगे की कार्यवाही का हिस्सा होंगी।
जरूरी सरकारी कामकाज निपटाने पर रहेगा जोर
सरकार की इस पहल के पीछे प्रमुख उद्देश्य लंबित और जरूरी विधायी एवं सरकारी कामकाज को पूरा करना बताया जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर रहेंगी कि दोनों सदनों की बैठकों के दौरान किन महत्वपूर्ण मुद्दों और विधायी कार्यों को प्राथमिकता दी जाती है।



