बिग ब्रेकिंग: UKSSSC ने खोला नौकरी का पिटारा। वर्दीधारी पदों पर बंपर भर्ती, ऐसे करें आवेदन

UKSSSC ने खोला नौकरी का पिटारा। वर्दीधारी पदों पर बंपर भर्ती, ऐसे करें आवेदन

देहरादून। उत्तराखंड में पुलिस, पीएसी, आईआरबी और आबकारी विभाग में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है।

उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने विभिन्न विभागों के अंतर्गत वर्दीधारी उप निरीक्षक (समूह-ग) के कुल 200 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।

भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया एक दिसंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 31 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

आयोग की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, कुल 200 पदों में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93, उप निरीक्षक अभिसूचना के 19, प्लाटून कमांडर पीएसी/आईआरबी के 81, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और उप आबकारी निरीक्षक के दो पद शामिल हैं।

किस विभाग में कितने पद?

भर्ती के तहत उत्तराखंड पुलिस विभाग में उप निरीक्षक नागरिक पुलिस के 93 पद और उप निरीक्षक अभिसूचना के 19 पद निर्धारित किए गए हैं।

वहीं, पीएसी/आईआरबी में प्लाटून कमांडर के 81 पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पांच और आबकारी विभाग में उप आबकारी निरीक्षक के दो पद भरे जाएंगे।

आवेदन के साथ आधार कार्ड अपलोड करना अनिवार्य

आयोग ने अभ्यर्थियों के लिए आवेदन प्रक्रिया के दौरान जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के निर्देश जारी किए हैं। अभ्यर्थियों को अपने नाम और जन्मतिथि के सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र के साथ आधार कार्ड के दोनों तरफ की छायाप्रति अपलोड करनी अनिवार्य होगी।

इसके अतिरिक्त ऊर्ध्वाधर एवं क्षैतिज आरक्षण से संबंधित श्रेणी और उपश्रेणी के प्रमाणपत्र तथा पर्वतीय क्षेत्र का प्रमाणपत्र भी अपलोड करना होगा।

आयोग ने भर्ती का विस्तृत विज्ञापन संख्या 85/उ०अ० से०च०आ०/2026 दिनांक 25 नवंबर 2026 को अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिया है। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दिए गए सभी निर्देशों और शर्तों का सावधानीपूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी गई है।

ये हैं भर्ती की महत्वपूर्ण तिथियां

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 दिसंबर 2026 से शुरू होगी और आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2026 निर्धारित की गई है।

आवेदन पत्र में संशोधन के लिए अभ्यर्थियों को 4 जनवरी से 6 जनवरी 2027 तक का समय दिया जाएगा। आयोग के अनुसार, लिखित प्रतियोगी परीक्षा की संभावित तिथि 18 अप्रैल 2027 निर्धारित की गई है।

अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित विस्तृत जानकारी और आवेदन के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट [UKSSSC](https://reference-url-citation.invalid/0) पर जा सकते हैं।

आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी होने पर आयोग के टोल फ्री नंबर 9520991172, व्हाट्सएप नंबर 9520991174 या ई-मेल chayanayog@gmail.com पर संपर्क किया जा सकता है।