हस्ताक्षरों की पोटली लेकर लोकभवन पहुंची कांग्रेस, सैलजा से लेकर गोदियाल तक ने संभाला मोर्चा
देहरादून। उत्तराखंड में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस ने गुरुवार को राजधानी देहरादून में शक्ति प्रदर्शन किया। प्रदेशभर में चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के बाद कांग्रेस ने लोकभवन तक संविधान बचाओ मार्च निकाला।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में निकाले गए इस मार्च में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पार्टी नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
हालांकि, हाथीबड़कला में पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग के पास ही प्रदर्शन शुरू कर दिया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित कई वरिष्ठ नेता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की होती रही। प्रदर्शनकारियों ने हस्ताक्षरयुक्त बैनर और पोस्टरों को अपने गले में लटकाकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
लाखों लोगों के हस्ताक्षर लोकभवन के माध्यम से राज्यपाल तक पहुंचाने का दावा
कांग्रेस ने प्रदेशभर में भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ हस्ताक्षर अभियान चलाया था। पार्टी का दावा है कि इस अभियान के जरिए प्रदेश के लाखों लोगों की पीड़ा और आक्रोश को हस्ताक्षरों के रूप में एकत्र किया गया है। कांग्रेस इन्हें लोकभवन के माध्यम से राज्यपाल तक पहुंचाना चाहती थी।
कुमारी सैलजा ने प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संविधान की रक्षा की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में संवैधानिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
कांग्रेस ने जनता की आवाज और प्रदेश के लोगों की समस्याओं को संवैधानिक प्रमुख तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह मार्च निकाला है।
सैलजा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रही है। पार्टी आगे भी जनहित और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में अपराध बढ़ रहे हैं और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
बेरोजगारी, महिला सुरक्षा और पलायन के मुद्दे पर सरकार को घेरा
कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी हस्ताक्षर अभियान के जरिए युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, पहाड़ों से पलायन और प्रदेश के विकास जैसे मुद्दों को उठाया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार को इन सवालों पर जवाबदेही तय करनी होगी। सत्ता के दावों से जनता की समस्याएं खत्म नहीं होतीं और सरकार को हर सवाल का जवाब देना होगा।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि संविधान ने नागरिकों को जो मौलिक अधिकार और कर्तव्य दिए हैं, उनसे जनता को वंचित किया जा रहा है। उन्होंने सरकार पर लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।
सैलजा ने संविधान दिवस के अवसर पर आयोजित मार्च को लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा से भी जोड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर वोट चोरी कर रही है और जनता के मताधिकार से खिलवाड़ संविधान पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि जब जनता का वोट ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो संविधान की रक्षा कैसे होगी।
प्रदेश मुख्यालय से शुरू हुई कांग्रेस नेताओं की लामबंदी
लोकभवन मार्च से पहले प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पार्टी मुख्यालय पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद पार्टी नेताओं के नेतृत्व में कार्यकर्ता मार्च करते हुए लोकभवन की ओर रवाना हुए।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने राज्यभर में हस्ताक्षर एकत्र किए थे। इन हस्ताक्षरों को राज्यपाल को सौंपने के उद्देश्य से लोकभवन मार्च निकाला गया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश के लोगों में भाजपा मंत्रियों के कथित भ्रष्टाचार को लेकर नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार ऐसे मंत्रियों के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति नहीं दे रही है। माहरा ने अंकिता भंडारी हत्याकांड का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसे लेकर भी जनता में आक्रोश है। कांग्रेस ने इन्हीं मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरने का फैसला किया है।
कांग्रेस नेताओं ने साफ किया कि भाजपा सरकार की नीतियों, कथित भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दों पर पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।



