राजनीति: 2027 की जंग से पहले भाजपा का रिपोर्ट कार्ड दांव, धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

2027 की जंग से पहले भाजपा का रिपोर्ट कार्ड दांव, धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर चुनावी तैयारियों को धार दे दी है।

देहरादून के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए रोजगार, महिला सशक्तिकरण, गरीब कल्याण, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यटन और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में किए गए कार्यों का ब्यौरा रखा। कार्यक्रम में पूरी कैबिनेट के साथ भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जनता के बीच अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आई है। वर्ष 2022 में भी भाजपा ने जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड रखा था और जनता से किए गए संकल्पों को पूरा करने का प्रयास किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनता ने वर्ष 2022 में राजनीतिक मिथक तोड़ते हुए लगातार दूसरी बार भाजपा पर भरोसा जताया। अब पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।

36 हजार युवाओं को नौकरी, नकल माफिया पर सख्ती का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना और महिला सशक्तिकरण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल रहा है। कोरोना महामारी के दौरान पर्यटन, परिवहन और संस्कृति क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए 200 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज दिया गया।

चिकित्सा क्षेत्र के लिए 205 करोड़ और स्वयं सहायता समूहों व स्वरोजगार से जुड़े लोगों के लिए 118 करोड़ रुपये के राहत पैकेज जारी किए गए। कोविड वॉरियर्स का सम्मान करने के साथ महामारी में माता-पिता को खोने वाले बच्चों के लिए वात्सल्य योजना शुरू की गई।

भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए नकल विरोधी कानून लागू किया गया। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि संगठित नकल के गंभीर मामलों में आजीवन कारावास और 10 करोड़ रुपये तक जुर्माने का प्रावधान किया गया है।

सरकार के कार्यकाल में अब तक 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बरती गई है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके पहले वर्ष में 11 हजार युवाओं को घर के पास ही निशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराने की योजना है।

नीट और जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वैश्विक रोजगार योजना के तहत युवाओं को जर्मन और जापानी भाषा का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस पहल के माध्यम से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। युवाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए युवा आयोग के गठन का भी निर्णय लिया गया है।

स्टार्टअप, स्वरोजगार और विद्यार्थियों के लिए योजनाएं

धामी ने बताया कि प्रदेश में करीब 2,000 स्टार्टअप संचालित हो रहे हैं। नए उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के माध्यम से युवाओं को अपना कारोबार शुरू करने में मदद दी जा रही है।

वरदान छात्रवृत्ति योजना के तहत अब तक 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिलने का दावा किया गया। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के तहत प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को शैक्षणिक उपलब्धियों के आधार पर छात्रवृत्ति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन योजना में 140 विद्यार्थियों को कक्षा 12 के बाद करियर निर्माण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दो लाख रुपये की छात्रवृत्ति उपलब्ध कराई जा रही है। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को टैबलेट देने की योजना भी शुरू की गई है।

साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं बनीं लखपति दीदी

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। सहकारी प्रबंध समितियों में भी 33 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं, जबकि करीब पांच लाख महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं।

स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से महिला समूहों के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार मिल रहा है।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस ब्रांड का कारोबार साढ़े छह करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। महिलाओं को कारोबार बढ़ाने में मदद देने के लिए बैंणी-भुली योजना शुरू करने का निर्णय लिया गया है। एकल महिला रोजगार योजना में 75 प्रतिशत सरकारी सहायता का प्रावधान किया गया है।

नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं की पढ़ाई पूरी करने पर 51 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है।

महालक्ष्मी किट योजना के तहत मां और नवजात शिशु को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। देवभूमि परिवार योजना में परिवार की सबसे वरिष्ठ महिला को परिवार का मुखिया मानने की व्यवस्था की गई है।

10 लाख से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन

गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास की योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 10 लाख से अधिक लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है।

इसमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन शामिल हैं। पेंशन की राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजी जा रही है। अब एक परिवार में पात्रता रखने वाले दोनों बुजुर्ग दंपती को पेंशन का लाभ दिया जा रहा है।

अंत्योदय कार्डधारकों को साल में तीन गैस सिलेंडर रिफिल उपलब्ध कराने के वादे को पूरा करने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2022 से करीब दो लाख परिवारों को इसका लाभ दिया जा रहा है।

प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत पांच लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शन दिए गए हैं। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत सात लाख से अधिक लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। आवास योजना के तहत एक लाख से अधिक घर बनाए जाने की जानकारी भी दी गई।

वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत सीमांत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पलायन रोकथाम योजना का उल्लेख करते हुए धामी ने दावा किया कि 6,500 से अधिक लोग अपने गांवों में वापस लौटे हैं और रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी कारोबारियों को बैंक ऋण की सुविधा मिली है।

किसानों को ब्याजमुक्त ऋण और पहाड़ी उत्पादों को पहचान

कृषि और बागवानी के क्षेत्र में किए गए कार्यों का ब्यौरा देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मंडुवा, झंगोरा और लाल चावल जैसे पहाड़ी उत्पादों को जीआई टैग के माध्यम से पहचान मिली है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि पहुंचाई गई है। पात्र किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को प्रोत्साहित करने के लिए पॉलीहाउस निर्माण पर 200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सेब की खेती को बढ़ावा देने के लिए मिशन चलाए जा रहे हैं। सुगंधित फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए महक क्रांति शुरू की गई है।

दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर चार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। ट्राउट मछली पालन को बढ़ावा देने के लिए 170 करोड़ रुपये की योजना शुरू की गई है। गेहूं की सरकारी खरीद पर न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 20 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने की व्यवस्था भी की गई है।

शिक्षा में नई पहल, 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय स्थापित

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना। उल्लास कार्यक्रम के तहत प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया है।

प्रदेश में 189 अटल उत्कृष्ट विद्यालय शुरू किए गए हैं और 500 सरकारी स्कूलों को डिजिटल स्टूडियो से जोड़ा गया है। पीएम श्री योजना के तहत विद्यालयों में आधुनिक शिक्षण सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। लैब ऑन व्हील्स के माध्यम से विद्यार्थियों तक विज्ञान के प्रयोग पहुंचाए जा रहे हैं।

देहरादून के झाझरा में साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग की पात्र छात्राओं को छात्रवृत्ति भी उपलब्ध कराई जा रही है।

आयुष्मान योजना से 17 लाख से अधिक मरीजों को उपचार

स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में 63 लाख से अधिक आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं। अटल आयुष्मान योजना के तहत सितंबर तक 17 लाख से अधिक मरीजों को 3,717 करोड़ रुपये का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया गया है।

70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी आयुष्मान योजना के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा दी जा रही है।

प्रदेश में छह राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, रुद्रपुर और हरिद्वार में मेडिकल कॉलेजों का निर्माण कार्य पूरा होने की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में अगले वर्ष से सत्र शुरू करने की तैयारी है।

हल्द्वानी में कैंसर संस्थान और किच्छा में एम्स से संबंधित परियोजना का काम पूरा होने की बात भी कही। ऋषिकेश एम्स की हेली एंबुलेंस सेवा को दुर्गम क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया।

यूसीसी से लेकर सख्त कानूनों तक गिनाईं उपलब्धियां

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने 27 जनवरी 2025 को समान नागरिक संहिता लागू कर स्वतंत्र भारत में ऐसा करने वाला पहला राज्य बनने का गौरव हासिल किया। सरकार ने धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किया है। कृषि और बागवानी भूमि की सुरक्षा के लिए सख्त भू-कानून बनाया गया है।

उन्होंने दावा किया कि 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया है। आस्था की आड़ में धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ ऑपरेशन कालनेमि चलाया गया।

मदरसा बोर्ड की पुरानी व्यवस्था समाप्त कर उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की व्यवस्था लागू की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले 250 से अधिक मदरसों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है।

अपणी सरकार पोर्टल पर 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराने और जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के तहत 33 हजार शिकायतों का मौके पर समाधान करने का दावा भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण के लिए सीएम हेल्पलाइन 1905 और भ्रष्टाचार संबंधी शिकायतों के लिए 1064 की सुविधा उपलब्ध है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और कनेक्टिविटी पर जोर

कनेक्टिविटी के क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए धामी ने कहा कि दिल्ली-देहरादून आर्थिक कॉरिडोर शुरू हो गया है। ऑल वेदर रोड और ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पर काम जारी है।

उड़ान योजना के तहत प्रदेश में 18 हेलीपोर्ट तैयार किए गए हैं, जिनमें से 12 में हवाई सेवाएं शुरू हो चुकी हैं। देहरादून में यातायात का दबाव कम करने के लिए रिस्पना और बिंदाल नदियों पर एलिवेटेड रोड परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है।

चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का दावा

पर्यटन को उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में 65 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इससे होमस्टे संचालकों, टैक्सी चालकों, होटल कारोबारियों और स्थानीय दुकानदारों को लाभ मिला है। शीतकालीन यात्रा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि प्रदेश में सालभर पर्यटकों की आवाजाही बनी रहे।

केदारनाथ और बदरीनाथ में मास्टर प्लान के तहत पुनर्निर्माण कार्य जारी हैं। आगामी कुंभ के लिए व्यवस्थाएं की जा रही हैं। नंदा राजजात यात्रा के लिए 25 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। ऋषिकेश में राफ्टिंग कारोबार को बढ़ावा देने के लिए 100 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

वन्यजीवों के हमलों को बड़ी चुनौती बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे मामलों में पहले दी जाने वाली चार लाख रुपये की सहायता राशि बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दी गई है। हमले में घायल व्यक्ति के उपचार का खर्च भी राज्य सरकार उठाएगी।

खिलाड़ियों के लिए चार प्रतिशत खेल कोटा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने पहली बार राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी की और प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पदक तालिका में सातवां स्थान हासिल किया।

राज्य में 33 खेल अकादमियां स्थापित करने की योजना है। हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण शुरू हो चुका है और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का काम पूरा हो गया है।

पात्र खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत खेल कोटे की व्यवस्था फिर से शुरू की गई है। मुख्यमंत्री उदयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के तहत 14 वर्ष तक के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि भी बढ़ाई गई है।

सैनिकों और राज्य आंदोलनकारियों के लिए घोषणाएं

उत्तराखंड को सैन्य बहुल प्रदेश बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम का निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है और जल्द ही इसका लोकार्पण किया जाएगा। शहीद सैनिकों की प्रतिमाएं उनके घरों के आसपास स्थापित की जाएंगी।

बलिदानी सैनिकों के आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। पात्र आश्रितों को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था भी की गई है।

परमवीर चक्र विजेताओं के लिए दो करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है। पूर्व सैनिकों को वन रैंक-वन पेंशन योजना का लाभ मिलने और पूर्व अग्निवीरों के लिए समूह-ग की सीधी भर्तियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था का भी उल्लेख किया गया।

राज्य आंदोलनकारियों के योगदान को याद करते हुए धामी ने कहा कि उनके आश्रितों को 10 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। आंदोलनकारियों की पेंशन बढ़ाई गई है।

उनके अधिकतम दो बच्चों की स्कूल और कॉलेज शिक्षा की व्यवस्था तथा उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है।

3.82 लाख करोड़ रुपये हुई प्रदेश की अर्थव्यवस्था

मुख्यमंत्री ने कहा कि नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्य सूचकांक 2023-24 में उत्तराखंड ने देश के राज्यों में पहला स्थान प्राप्त किया है। प्रदेश की अर्थव्यवस्था का आकार करीब 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने वर्ष 2025-26 में प्रति व्यक्ति आय 2.74 लाख रुपये पहुंचने की बात कही। उनके अनुसार, प्रदेश में बहुआयामी गरीबी घटकर 6.92 प्रतिशत रह गई है और वर्ष 2026-27 का मूल बजट करीब 1.20 लाख करोड़ रुपये का है।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उत्तराखंड ने निवेश, कारोबार और नवाचार के अनुकूल राज्य के रूप में राष्ट्रीय पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने का है।