शोध और नवाचार के राष्ट्रीय मंच पर जुटे शिक्षाविद, जिज्ञासा विश्वविद्यालय में प्रतिभाओं का सम्मान
देहरादून। जिज्ञासा विश्वविद्यालय में तृतीय राष्ट्रीय बहुविषयी अनुसंधान एवं नवाचार सम्मेलन (एनसीएमआरआई-2026) का सफल आयोजन किया गया।
दो दिवसीय इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, उद्योग विशेषज्ञों, शोधार्थियों और विद्यार्थियों ने प्रतिभाग कर अनुसंधान एवं नवाचार के विभिन्न आयामों पर विचार साझा किए। सम्मेलन के दौरान उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया।
सम्मेलन का आयोजन विश्वविद्यालय के रिसर्च एंड डेवलपमेंट सेल की ओर से आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) इरफ़ान खान के मार्गदर्शन और प्रति-कुलपति प्रो. (डॉ.) संदीप कौटिश के शैक्षणिक नेतृत्व में संपन्न हुआ।
सम्मेलन का संयोजन डीन-रिसर्च एवं निदेशक-आईक्यूएसी प्रो. (डॉ.) मनीष शर्मा ने किया। वहीं, डॉ. मोहम्मद फैसल और प्रो. प्रवीण कुमार अशोक ने समन्वयक की भूमिका निभाई।
सम्मेलन के दौरान विशेषज्ञ व्याख्यान, तकनीकी सत्र और शोध पत्र प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इसमें कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), उभरती प्रौद्योगिकियों, पर्यावरण विज्ञान, सतत विकास, स्वास्थ्य, प्रबंधन सहित विभिन्न बहुविषयी अनुसंधान क्षेत्रों पर विस्तार से चर्चा हुई।
ऑफलाइन और ऑनलाइन माध्यम से आयोजित शोध पत्र प्रस्तुति सत्रों में प्रतिभागियों ने अपने शोध कार्यों और नवाचार संबंधी विचारों को प्रस्तुत किया।
उत्कृष्ट शोध प्रस्तुतियों के लिए प्रतिभागियों को सम्मान
सम्मेलन में उत्कृष्ट शोध कार्य और प्रभावशाली प्रस्तुति देने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में डॉ. स्तुति पाठक (एमएमडीयू, अंबाला), सुश्री इकरा सुभान (एएमयू, अलीगढ़), डॉ. सर्वेश रस्तोगी (डीबीयू, देहरादून), सुश्री लक्ष्मी, कशिश पुष्कर, समीक्षा, रियाज और तानिष्का (जिज्ञासा विश्वविद्यालय) शामिल रहे।
प्रतिभागियों ने अपने शोध विषयों की गहन समझ, नए विचारों और प्रभावशाली प्रस्तुतियों से निर्णायक मंडल का ध्यान आकर्षित किया। विश्वविद्यालय की ओर से उनके शोध प्रयासों और अकादमिक योगदान की सराहना की गई।
आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना
इस अवसर पर सम्मेलन संयोजक प्रो. (डॉ.) मनीष शर्मा ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय के नेतृत्व, आमंत्रित वक्ताओं, सत्र अध्यक्षों और सभी प्रतिभागियों का आभार जताया।
उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों डॉ. आभा शर्मा, डॉ. फाल्गुनी पोखरियाल, डॉ. ईशा वत्स, अरविंद, दिवजोत कौर, डॉ. अलका गौड़, ज्योति, डॉ. निशा अग्रि, पवन किशोर गौड़, मनीष थपलियाल, आयुषी ठाकुर और राहुल गैरोला के समर्पण एवं सहयोग की विशेष रूप से सराहना की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार डॉ. जशनदीप सिंह, सीएफओ अनूप चतुर्वेदी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
समापन अवसर पर डॉ. मनीष शर्मा ने कहा कि एनसीएमआरआई-2026 जैसे शैक्षणिक आयोजन अनुसंधान, नवाचार, ज्ञान के आदान-प्रदान और उद्योग-अकादमिक सहयोग को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के सम्मेलन शोधार्थियों और विद्यार्थियों को अपने विचारों एवं शोध कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करते हैं। सम्मेलन का सफल आयोजन जिज्ञासा विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।



