उत्तराखंड में अपराध की भयावह तस्वीर प्रेम-प्रसंग, आपसी विवाद और लापरवाही में गई कई जानें
रिपोर्ट- मीनाक्षी सिंह गौर
देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों के भीतर सामने आईं अलग-अलग आपराधिक घटनाओं ने राज्य की कानून व्यवस्था और पुलिसिंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रेम-प्रसंग, आपसी विवाद, लापरवाही और छोटी-छोटी बातों ने कई जिंदगियों को निगल लिया।
ऋषिकेश: महिला की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
ऋषिकेश के शिवाजी नगर में किराए पर रह रही महिला की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी सुरेश गुप्ता को पुलिस ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी वारदात के बाद से फरार था और लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और आपसी तनाव से जुड़ा सामने आया है।
मृतका के परिजनों ने पहले भी आरोपी द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत पुलिस से की थी, लेकिन समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं होने के आरोप लगाए जा रहे हैं।
देहरादून: दिनदहाड़े युवती की हत्या, पीछा और धमकी बना कारण
राजधानी देहरादून के मच्छी बाजार स्थित दूल्हा ड्रेस मार्केट में 23 वर्षीय युवती गुंजन की चापड़ से गला काटकर हत्या कर दी गई। आरोपी आकाश कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी शादीशुदा था और युवती के संपर्क खत्म करने से नाराज होकर उसे लगातार परेशान कर रहा था।
हत्या से पहले युवती ने पुलिस चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी और जान का खतरा बताया था, लेकिन इसके बावजूद वारदात हो गई।
लक्सर: दोस्त ही निकला युवक का हत्यारा
हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में लापता युवक सन्नी की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने उसके दोस्त रोहित उर्फ बालू को गिरफ्तार किया है।
शराब के नशे में मोबाइल फोन को लेकर हुए विवाद में आरोपी ने सन्नी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव गन्ने के खेत में छिपा दिया। हत्या के बाद आरोपी गांव में युवक को ढूंढने का नाटक करता रहा।
रुड़की/भगवानपुर: शोभायात्रा के बाद फायरिंग, दो की मौत
भगवानपुर थाना क्षेत्र के बिनारसी गांव में संत रविदास जयंती की शोभायात्रा के बाद प्रसाद वितरण के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो गुटों में पत्थरबाजी और फायरिंग हुई, जिसमें दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए।
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और 40 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।
लक्सर: दिनदहाड़े ढाई लाख की लूट
लक्सर रोड पर बेगमपुर के पास आढ़ती के नौकर से चार बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूट लिए। लोगों ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि तीन बदमाश फरार हो गए। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
लगातार हो रही इन घटनाओं ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या समय रहते सख्त पुलिस कार्रवाई होती तो कई जानें बचाई जा सकती थीं।
कई मामलों में पीड़ितों द्वारा पहले शिकायत किए जाने के बावजूद घटनाओं का न रुकना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगा रहा है।

