सेलाकुई में नकली पनीर की बड़ी खेप पकड़ी गई, 250 किलो पनीर मौके पर नष्ट
देहरादून। आज दिनांक 02 फरवरी 2026 को थाना सेलाकुई से एसएसआई जितेंद्र कुमार द्वारा सूचना दी गई कि एक सुजुकी ब्रिजा वाहन से संदिग्ध खाद्य पदार्थ पनीर की सप्लाई की जा रही है।
सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद देहरादून की टीम मौके पर पहुंची।
कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा जनपद देहरादून मनीष सयाना, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास नगर क्षेत्र संजय तिवारी एवं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नगर निगम देहरादून क्षेत्र रमेश सिंह शामिल रहे।
जांच के दौरान पाया गया कि संदिग्ध पनीर को अस्वच्छ परिस्थितियों में, बिना खाद्य लाइसेंस के सप्लाई किया जा रहा था।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विकास नगर क्षेत्र द्वारा पनीर का नमूना जांच हेतु लिया गया, जबकि नगर निगम देहरादून क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा दही का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।
टीम की प्रारंभिक जांच में पनीर अत्यंत अस्वच्छ, दुर्गंधयुक्त एवं मानव उपभोग के लिए पूरी तरह अनुपयुक्त पाया गया। इसके बाद मौके पर ही करीब 250 किलोग्राम पनीर को जेसीबी की सहायता से गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया।
आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड सचिन कुर्वे एवं अपर आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में जनपद देहरादून में मिलावट के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है, जो आगे भी जारी रहेगी।

