मच्छी बाजार में युवती की निर्मम हत्या से सनसनी, व्यापार मंडल ने बाजार बंद का किया आह्वान
देहरादून। शहर के मच्छी बाजार इलाके में सोमवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। 23 वर्षीय युवती की चापड़ से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतका की पहचान गुन्नू (23 वर्ष) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह सुबह अपने घर के बाहर जा रही थी, तभी बाइक सवार एक युवक वहां पहुंचा और उससे बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान अचानक युवक ने चापड़ निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
दिनदहाड़े हुई इस हत्या से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपी की तलाश में जुट गई है।
घटना के विरोध में और क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर दून वैली महानगर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मेसोन ने बाजार बंद का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि लगातार हो रही आपराधिक वारदातों से व्यापारी और आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। व्यापार मंडल ने प्रशासन से दोषी की शीघ्र गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवती की हत्या के आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 27 वर्षीय आकाश कुमार, निवासी खुडबूढ़ा मोहल्ला के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आकाश कुमार काफी दिनों से मृतका गुंजन का पीछा कर रहा था। इसको लेकर दोनों के बीच कुछ दिन पहले विवाद और बहस भी हुई थी।
बताया जा रहा है कि गुंजन पिछले 5 से 6 वर्षों से दूल्हे के कपड़ों की एक दुकान में काम कर रही थी। पुलिस पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी आकाश कुमार ने कुछ दिन पहले गुंजन को जान से मारने की धमकी दी थी।
मृतका गुंजन ने इस संबंध में खुडबुड़ा चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन आरोप है कि उस शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सूत्रों के अनुसार, पुलिस की कथित सुस्ती के चलते आरोपी के हौसले बुलंद हो गए और उसे कानून का डर नहीं रहा।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गुंजन और आरोपी आकाश कुमार के बीच पहले दोस्ती थी। बाद में आकाश की शादी हो जाने के बाद गुंजन ने उससे दूरी बना ली और बातचीत पूरी तरह बंद कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी उसका पीछा करता रहा।
दो दिन पहले फिर से आरोपी द्वारा जानमाल की धमकी दिए जाने पर गुंजन ने पुलिस में शिकायत की थी। आरोप है कि इस पर भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई।
आखिरकार आरोपी आकाश कुमार ने धारदार हथियार से हमला कर गुंजन की निर्मम हत्या कर दी। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

