गजब : सर्राफा बाजार में भारी गिरावट, चांदी ₹16 हजार टूटी, सोना ₹3,200 सस्ता

सर्राफा बाजार में भारी गिरावट, चांदी ₹16 हजार टूटी, सोना ₹3,200 सस्ता

नई दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट का दौर जारी है। सोमवार को सर्राफा बाजार में बड़ी टूट देखने को मिली, जिससे निवेशकों और कारोबारियों में हलचल मच गई। एमसीएक्स पर सोना ₹3,200 से ज्यादा सस्ता हुआ, जबकि चांदी में ₹16,000 तक की भारी गिरावट दर्ज की गई।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव ₹3,217 गिरकर ₹1,39,000 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। इसमें 2.26 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं चांदी ₹15,939 टूटकर ₹2.49 लाख प्रति किलो पर पहुंच गई, जिसमें करीब 6 प्रतिशत की बड़ी गिरावट रही। बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, चांदी में यह बीते 10 वर्षों की सबसे तेज इंट्राडे गिरावट मानी जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय बाजार का दबाव

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कीमती धातुओं पर दबाव साफ नजर आया। सोमवार की शुरुआती ट्रेडिंग में स्पॉट गोल्ड करीब 4 प्रतिशत तक फिसल गया, जबकि चांदी एक समय 12 प्रतिशत तक टूट गई। हालांकि भारी गिरावट के बाद चांदी 80 डॉलर प्रति औंस के स्तर से ऊपर टिकने में सफल रही।

गिरावट की वजह

विशेषज्ञों का मानना है कि हालिया गिरावट की बड़ी वजह डॉलर में मजबूती और वैश्विक स्तर पर बदली निवेश धारणा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा फेड चेयर पद के लिए केविन वॉर्श को नामित किए जाने की अटकलों के बाद डॉलर मजबूत हुआ। इससे सोने-चांदी में सुरक्षित निवेश की मांग कमजोर पड़ी और बाजार में मुनाफावसूली तेज हो गई।

घरेलू बाजार में सोने के ताजा भाव

देश के प्रमुख शहरों में 24 कैरेट सोने के भाव ऊंचे स्तर पर बने हुए हैं।

  • दिल्ली में सोना ₹1,47,720,
  • मुंबई में ₹1,47,970 और कोलकाता में ₹1,47,780 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
  • वहीं चेन्नई में सोना ₹1,48,400,
  • हैदराबाद में ₹1,48,210
  • बंगलूरू में ₹1,48,090 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा है।

चांदी के दाम ,

चांदी के भाव भी प्रमुख शहरों में ऊंचे बने हुए हैं।

  • मुंबई में चांदी ₹2,66,020,
  • दिल्ली में ₹2,65,560,
  • चेन्नई में ₹2,66,790,
  • हैदराबाद में ₹2,66,440,
  • बंगलूरू में ₹2,66,230
  • कोलकाता में ₹2,65,660 प्रति किलो के स्तर पर कारोबार कर रही है।

आगे क्या?

बाजार जानकारों के अनुसार, जब तक वैश्विक संकेत साफ नहीं होते और डॉलर में मजबूती बनी रहती है, तब तक सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। ऐसे में निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।