शिकायत के बाद हरकत में निदेशालय, प्रभारी अधिकारी देहरादून अटैच
देहरादून। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में प्रशासनिक स्तर पर एक अजीब और सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक व्यायाम प्रशिक्षक विजय प्रताप भंडारी को।
जिला युवा कल्याण अधिकारी के पद पर प्रभारी रूप से तैनात कर दिया गया, जबकि यह पद प्रशासनिक और नीतिगत रूप से उच्च जिम्मेदारी वाला माना जाता है।
मामले को लेकर जिलाधिकारी उत्तरकाशी को शिकायती पत्र प्राप्त हुआ, जिसके बाद उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच शुरू कराई। जिलाधिकारी की जांच के आदेश के बाद निदेशालय युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल भी हरकत में आ गया।
निदेशालय की कार्रवाई
निदेशक के निर्देश पर अपर निदेशक आर.सी. डिमरी ने वस्तुस्थिति और चल रही जांच को देखते हुए विजय प्रताप भंडारी को तत्काल प्रभाव से देहरादून अटैच कर दिया है। उन्हें युवा कल्याण अधिकारी कार्यालय, देहरादून से संबद्ध किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच में यह देखा जा रहा है कि किस आधार पर एक व्यायाम प्रशिक्षक को जिला स्तर के अधिकारी पद का प्रभारी बनाया गया और क्या इस तैनाती में नियमों की अनदेखी की गई।
जांच के घेरे में तैनाती प्रक्रिया
फिलहाल, पूरे मामले की विभागीय जांच गतिमान है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। इस प्रकरण ने सरकारी विभागों में तैनाती प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

