शर्मसारः यूपी के अनाथालय में तीन युवकों ने किया किशोरी से दुष्कर्म

यूपी के अनाथालय में तीन युवकों ने किया किशोरी से दुष्कर्म

 

– पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अनाथालय किया सील….

देहरादून। आगरा में एक किशोरी से कथित दुष्कर्म के बाद प्रशासन ने एक अनाथालय को सील कर दिया है, साथ ही प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उक्त संबंध में सीडीओ जे रीभा ने बताया कि, रविवार शाम सात बजे के लगभग अनाथालय को सील करने की कार्रवाई की गई व अनाथालय प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कर 28 लड़कों को आगरा में शाहगंज स्थित बाल गृह में रखा गया है।

 

बतादें कि, 10 लड़कियों में से तीन लड़कियों को आशा ज्योति केंद्र में रखा गया व कम उम्र की बच्चियों को शाहगंज स्थित बाल गृह में रखा गया है। आगरा के एत्माउददौला क्षेत्र के अनाथालय की छत से तीन अक्टूबर को 16 वर्षीय एक किशोरी ने यमुना में छलांग लगा दी थी।

 

 

तत्पश्चात स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया था, किशोरी ने अनाथालय में रहने वाले तीन युवकों पर दुष्कर्म के आरोप लगाए थे। इस संबंध में मामला दर्ज कर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। जिसमें से एक अनाथालय का सफाई कर्मी, दूसरा रसोइया और तीसरा युवक अनाथालय में ही रह रहा था। इन तीनों को जेल भेज दिया है।

 

 

बताते चलें कि, किशोरी द्वारा दुष्कर्म के आरोप लगाए जाने के बाद महिला आयोग की उपाध्यक्ष सुषमा सिंह ने अनाथालय का निरीक्षण किया, जहां निरीक्षण के दौरान उन्हें अनाथालय में खाली पड़ी बीयर की बोतलें मिली साथ ही शौचालय में इस्तेमाल किए हुए निरोध भी पड़े मिले थे।