दुःखद: मुजफ्फरनगर में दुष्कर्म पीड़िता ने लगाई फांसी

मुजफ्फरनगर में दुष्कर्म पीड़िता ने लगाई फांसी

 

– आरोपियों के नाम थे हाथ पर लिखे….

मुजफ्फरनगर। भले ही योगी सरकार महिलाओं की सुरक्षा के लाख दावे कर रही हो, लेकिन हकीकत इससे कोसो दूर है। रोज सामने आ रही रेप की घटनाएं चीख-चीखकर बता रही हैं कि यूपी में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है। ताजा मामला मुजफ्फरनगर का है। यहां एक रेप पीड़िता का शव उसके घर पर फंदे से लटका पाया गया। बता दें कि मृतका ने अपने बाएं हाथ पर आरोपियों के नाम लिखे थे।

 

 

मामला छपार थानांतर्गत के बढीवाला गांव का है। यहां 4 वर्ष पहले ससुराल में युवती के मामा ने उसके साथ रेप किया था। बाद में कुछ लोगों ने मामले में समझौता करा दिया था, जिससे वह काफी निराश थी। इतना ही नहीं, एक साल पहले पीड़िता को रिक्शे से उतारकर उसके साथ गांव के ही 3 युवकों ने गैंगरेप भी किया था। इस मामले में मुजफ्फरनगर शहर कोतवाली में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पीड़िता की मां जब जंगल से लौटी तो बेटी का शव मकान में रस्सी के फंदे से लटका हुआ पाया।

 

 

मृतका ने बाएं हाथ पर आरोपी बिरजू और 3 अन्य युवकों के नाम लिखे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले में एक नामजद और 3 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।