गुड न्यूज: उत्तराखंड बोर्ड सुधार परीक्षा का रिजल्ट जारी, हाईस्कूल में 83.13% और इंटर में 73.35% छात्र पास

उत्तराखंड बोर्ड सुधार परीक्षा का रिजल्ट जारी, हाईस्कूल में 83.13% और इंटर में 73.35% छात्र पास

रामनगर। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद, रामनगर ने हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षा परिणाम सुधार परीक्षा वर्ष 2026 प्रथम और वर्ष 2025 तृतीय का परिणाम घोषित कर दिया है।

परिषद की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 की प्रथम सुधार परीक्षा में हाईस्कूल का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 83.13 फीसदी रहा, जबकि इंटरमीडिएट में 73.35 फीसदी परीक्षार्थी सफल हुए। छात्राओं का प्रदर्शन दोनों परीक्षाओं में छात्रों से बेहतर रहा।

हाईस्कूल परीक्षा परिणाम सुधार परीक्षा वर्ष 2026 प्रथम के लिए कुल 8,421 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 7,939 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 7,000 परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए। इस प्रकार परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 83.13 फीसदी रहा।

हाईस्कूल में छात्राओं ने बेहतर प्रदर्शन किया। कुल 2,371 छात्राओं ने परीक्षा दी, जिनमें 2,132 सफल रहीं और उनका उत्तीर्ण प्रतिशत 84.34 फीसदी दर्ज किया गया। वहीं, 5,568 छात्रों में से 4,868 छात्र सफल हुए।

इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम सुधार परीक्षा वर्ष 2026 प्रथम में कुल 11,032 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 10,518 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 8,092 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए। इंटरमीडिएट का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 73.35 फीसदी रहा।

इंटरमीडिएट में भी छात्राओं का प्रदर्शन छात्रों से बेहतर रहा। 4,673 छात्राओं में से 3,709 छात्राएं सफल हुईं, जबकि 5,845 छात्रों में से 4,383 छात्र सफल रहे।

परिषद ने उन परीक्षार्थियों के आंकड़े भी जारी किए हैं, जो मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहने के बाद सुधार परीक्षा में शामिल हुए थे। हाईस्कूल में ऐसे 5,747 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए। इनमें 5,469 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और 4,326 सफल हुए। इस श्रेणी का उत्तीर्ण प्रतिशत 75.27 फीसदी रहा।

वहीं, इंटरमीडिएट में मुख्य परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहने के बाद सुधार परीक्षा देने वाले 9,653 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 9,343 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 6,713 सफल रहे। इस श्रेणी में उत्तीर्ण प्रतिशत 69.54 फीसदी दर्ज किया गया।

परीक्षार्थियों को अपने प्राप्तांकों में सुधार का अवसर भी दिया गया था। हाईस्कूल में 2,674 परीक्षार्थियों ने अंक सुधार के लिए आवेदन किया। इनमें 410 परीक्षार्थियों के अंकों में सुधार हुआ, जबकि 969 परीक्षार्थियों के अंक यथावत रहे। परिषद के अनुसार, अंक सुधार का प्रतिशत 37.25 फीसदी दर्ज किया गया।

वर्ष 2025 की तृतीय सुधार परीक्षा के परिणामों में हाईस्कूल का उत्तीर्ण प्रतिशत 66.67 फीसदी रहा। कुल 51 परीक्षार्थी पंजीकृत हुए थे, जिनमें से 44 परीक्षा में शामिल हुए और 34 सफल घोषित किए गए।

इंटरमीडिएट की वर्ष 2025 तृतीय सुधार परीक्षा में 46 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें से 43 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए और 27 सफल रहे। इस परीक्षा का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 58.70 फीसदी दर्ज किया गया।

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने बताया कि उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन और परिणाम निर्माण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किया गया है। सुधार परीक्षा के परिणाम से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जिन्होंने अपने परिणाम और प्राप्तांकों को बेहतर बनाने के लिए दोबारा परीक्षा दी थी।