गुड न्यूज़: रक्षाबंधन पर धामी सरकार का बड़ा तोहफा, महिलाओं के लिए 28-29 अगस्त को बसों में सफर मुफ्त

रक्षाबंधन पर धामी सरकार का बड़ा तोहफा, महिलाओं के लिए 28-29 अगस्त को बसों में सफर मुफ्त

देहरादून। रक्षाबंधन के पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं को धामी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में प्रदेश के भीतर निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

इस संबंध में उत्तराखंड शासन ने आदेश जारी कर परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

शासनादेश के अनुसार रक्षाबंधन के अवसर पर दोनों दिनों में महिलाओं को उत्तराखंड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में यात्रा के लिए कोई किराया नहीं देना होगा। उन्हें शत-प्रतिशत किराया छूट का लाभ मिलेगा।

महिलाओं के आवागमन को सुगम बनाने की पहल

रक्षाबंधन के पर्व पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिजनों से मिलने के लिए यात्रा करती हैं। राज्य सरकार की इस पहल से महिलाओं को सुरक्षित, सुगम और निशुल्क सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ ही उन्हें आर्थिक राहत प्रदान करना है।

निशुल्क यात्रा का खर्च उठाएगी सरकार

शासनादेश में अपर सचिव रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा दिए जाने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर पड़ने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार द्वारा की जाएगी। परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

रक्षाबंधन पर प्रदेश की बहनों के लिए धामी सरकार का यह फैसला महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।