शिक्षा: श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का भव्य दीक्षारंभ, रेन डांस ने बढ़ाया उत्साह

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का भव्य दीक्षारंभ, रेन डांस ने बढ़ाया उत्साह

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआरयू) में नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं के लिए आयोजित तीन दिवसीय ‘दीक्षारंभ 2026’ कार्यक्रम का भव्य समापन हो गया।

17 से 19 अगस्त तक चले इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आए पांच हजार से अधिक छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के अंतिम दिन रेन डांस, हाई-वोल्टेज डीजे साउंड और बॉलीवुड, पंजाबी, गढ़वाली, भोजपुरी व नेपाली गीतों पर शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहीं।

श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा तभी सार्थक है, जब वह चरित्र निर्माण और समाज सेवा की ओर प्रेरित करे।

उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन और सेवा भाव को भी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के हेलीपैड ग्राउंड में कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन और कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने संयुक्त रूप से किया।

कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी के लिए यह नई यात्रा नए सपनों, नई उम्मीदों और नए संकल्पों की शुरुआत है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से समाज और राष्ट्र की प्रगति में सार्थक भूमिका निभाने का आह्वान किया।

अंतिम दिन हेलीपैड ग्राउंड पर सुबह से शुरू हुआ उत्साह और उमंग का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। डीजे साजी के हाई-वोल्टेज साउंड और लोकप्रिय गीतों की धुनों पर छात्र-छात्राएं जमकर थिरके। प्राकृतिक सौंदर्य, आकर्षक सजावट और हजारों युवाओं की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्सवमय बना दिया।

रेन डांस रहा मुख्य आकर्षण

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण रेन डांस रहा। पानी की फुहारों और तेज डीजे बीट्स के बीच छात्र-छात्राओं ने जमकर डांस किया। संगीत, बारिश की फुहारों और युवाओं के जोश के अनूठे संगम ने हेलीपैड ग्राउंड को मानो किसी भव्य फिल्मी सेट में बदल दिया। विद्यार्थियों ने इस यादगार पल का भरपूर आनंद लिया।

इस अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के मनोरोग विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. शोभित गर्ग ने विद्यार्थियों को तनाव प्रबंधन और पढ़ाई के दौरान मानसिक दबाव से बचाव के उपयोगी टिप्स दिए।

वहीं, 17 मिनट की वीडियो प्रस्तुति के माध्यम से छात्र-छात्राओं को श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा एवं उपलब्धियों से परिचित कराया गया।

दीक्षारंभ के दौरान बॉलीवुड, गढ़वाली, पंजाबी, भोजपुरी और नेपाली गीत-संगीत पर विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। डॉ. जी. गणराजन ने माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज का अभिभाषण पढ़कर सुनाया, जबकि डॉ. कंचन नेगी ने प्रेरणादायक व्याख्यान दिया।

कार्यक्रम का समापन दीक्षारंभ कार्यक्रम की संयोजिका प्रोफेसर डॉ. मालविका कांडपाल के धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण एवं हजारों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।