बिग ब्रेकिंग: UKMSSB की बड़ी कार्रवाई, नर्सिंग अधिकारी भर्ती के 58 चयन रद्द

UKMSSB की बड़ी कार्रवाई, नर्सिंग अधिकारी भर्ती के 58 चयन रद्द

देहरादून। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड (UKMSSB) ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों और स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट हल्द्वानी में नर्सिंग अधिकारी (महिला/पुरुष) के 1455 पदों पर भर्ती प्रक्रिया में बड़ा फैसला लिया है।

विभिन्न रिट याचिकाओं में माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के आदेशों और उत्तराखंड नर्सेस एवं मिडवाईव्ज काउंसिल की शासी निकाय द्वारा निरस्त किए गए अभ्यर्थनों के बाद बोर्ड ने **कुल 58 अभ्यर्थियों का चयन निरस्त** कर दिया है।

उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने विज्ञापन संख्या उ० चि० से०च०बो०/परी०/18/2023-24/203 दिनांक 11 मार्च 2024 के माध्यम से चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेजों एवं स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट, हल्द्वानी में समूह ‘ग’ के नर्सिंग अधिकारी डिप्लोमाधारक और डिग्रीधारक के कुल **1455 रिक्त पदों** पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे।

भर्ती परीक्षा का अंतिम परिणाम 14 दिसंबर 2024 को घोषित किया गया था। इसमें 20 अभ्यर्थियों का चयन औपबंधिक रखा गया था। इनमें से दो अभ्यर्थियों ने आवश्यक अभिलेख उपलब्ध करा दिए थे, जबकि अन्य 18 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न रिट याचिकाओं में उस समय पारित आदेशों के क्रम में औपबंधिक रखा गया था।

मामले में रिट याचिका संख्या 1237/2024, 1489/2024, 2471/2024, 2489/2024, 50/2025 और 712/2025 में पारित आदेशों के क्रम में कार्रवाई की गई।

निदेशक, चिकित्सा शिक्षा विभाग के 10 जुलाई 2026 के पत्र के आधार पर तथा उत्तराखंड नर्सेस एवं मिडवाईव्ज काउंसिल की गवर्निंग बॉडी द्वारा कुछ अभ्यर्थनों को निरस्त किए जाने के बाद कुल 40 पदों के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए बोर्ड को पत्र भेजा गया था।

चयन बोर्ड ने अब माननीय उच्च न्यायालय नैनीताल के विभिन्न आदेशों के अनुपालन और काउंसिल की शासी निकाय द्वारा निरस्त किए गए अभ्यर्थनों के बाद 58 अभ्यर्थियों का चयन निरस्त करने की कार्रवाई की है। निरस्त किए गए अभ्यर्थियों की विस्तृत सूची और संबंधित सूचना बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

चयन निरस्त होने से प्रभावित अभ्यर्थियों को अपना पक्ष रखने का अंतिम अवसर भी दिया गया है। यदि कोई अभ्यर्थी चयन निरस्तीकरण के संबंध में लिखित कथन या प्रत्यावेदन देना चाहता है तो वह स्वप्रमाणित साक्ष्य संलग्न कर 27 अगस्त 2026, गुरुवार शाम 5 बजे तक बोर्ड कार्यालय में ई-मेल, व्यक्तिगत रूप से अथवा अन्य माध्यम से अपना प्रत्यावेदन प्रस्तुत कर सकता है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि 27 अगस्त को शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।