सावधान: उत्तराखंड में इबोला का अलर्ट। 40 पर्यटक निगरानी में, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

उत्तराखंड में इबोला का अलर्ट। 40 पर्यटक निगरानी में, सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश

देहरादून। अफ्रीकी देशों में इबोला वायरस के प्रकोप की खबरों के बीच उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के बाद प्रदेश के सभी जिलों को सतर्कता बढ़ाने और संभावित मामलों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग, यात्रा इतिहास की जांच और लक्षण मिलने पर तत्काल जांच एवं आइसोलेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। फिलहाल प्रदेश में करीब 40 पर्यटकों पर निगरानी रखी जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण, आइसोलेशन वार्ड, पीपीई किट और स्वास्थ्य कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।

उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि इबोला वायरस को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है।

अफ्रीकी देशों से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखने के साथ ही संदिग्ध मामलों की तत्काल पहचान और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

क्या है इबोला वायरस और कितना खतरनाक है?

इबोला एक गंभीर संक्रामक वायरल बीमारी है, जो शरीर की रक्त वाहिकाओं और कई महत्वपूर्ण अंगों को प्रभावित कर सकती है। संक्रमित व्यक्ति के रक्त, शरीर के तरल पदार्थों या दूषित वस्तुओं के सीधे संपर्क में आने से इसका संक्रमण फैल सकता है।

इसके शुरुआती लक्षणों में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों में दर्द, अत्यधिक कमजोरी, उल्टी और दस्त शामिल हैं। गंभीर स्थिति में आंतरिक या बाहरी रक्तस्राव भी हो सकता है। संक्रमण के बाद लक्षण सामने आने की अवधि यानी ऊष्मायन काल 2 से 21 दिनों तक हो सकता है।

किन देशों में फैला है इबोला का संक्रमण?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के नवंबर 2026 के अपडेट के मुताबिक, मौजूदा प्रकोप में पांच देशों में इबोला के मामले सामने आए हैं। इनमें डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (DRC), युगांडा, केन्या, नाइजीरिया और फ्रांस शामिल हैं।

इनमें डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में संक्रमण का प्रसार जारी है। वहीं, केन्या और नाइजीरिया में भी मामले सामने आए हैं। युगांडा और फ्रांस में फिलहाल प्रकोप नियंत्रित हो चुका है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी में क्या निर्देश?

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की एडवाइजरी के तहत प्रभावित देशों से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग, यात्रा इतिहास की जांच और स्वास्थ्य निगरानी पर जोर दिया गया है। विशेष रूप से पिछले 21 दिनों के दौरान प्रभावित देशों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर नजर रखने को कहा गया है।

यात्रियों में संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल जांच, आइसोलेशन और उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश हैं।

इसके अलावा अस्पतालों में संक्रमण नियंत्रण के प्रोटोकॉल का पालन, पीपीई किट की उपलब्धता, आइसोलेशन सुविधाओं और स्वास्थ्य कर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया है।

स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य किसी भी संभावित संक्रमित व्यक्ति की समय रहते पहचान करना और संक्रमण को फैलने से रोकना है।