पुलकित के पिता का नया दांव! 4085 पेज की चैट सार्वजनिक कर अंकिता के परिजनों पर उठाए सवाल
हरिद्वार। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। मामले के दोषी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व भाजपा दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य 15 नवंबर को पहली बार मीडिया के सामने आए।
अपने अधिवक्ता अमित पुंडीर के साथ पहुंचे विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी से जुड़ी कथित 4085 पेज की व्हाट्सएप चैट बुक सार्वजनिक करते हुए एसआईटी की जांच पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि इस चैट में न तो उनके बेटे पुलकित आर्य का नाम है और न ही किसी वीआईपी का जिक्र मिलता है।
4085 पेज की चैट से उठाए जांच पर सवाल
विनोद आर्य के मुताबिक, उन्हें यह चैट बुक वर्ष 2023 में न्यायालय से मिली थी, जिसकी हस्तलिखित प्रति करीब 4085 पेज की है। उनका दावा है कि इसमें दर्ज बातचीत से मामले के कई ऐसे पहलू सामने आते हैं, जिनकी जांच नहीं की गई।
उन्होंने अंकिता के दोस्त पुष्प और उसके माता-पिता की भूमिका पर सवाल उठाते हुए उन्हें भी जांच के दायरे में शामिल करने की मांग की।
विनोद आर्य ने कहा कि पुलकित और अंकिता के बीच कोई चैट नहीं है, इसके बावजूद उनके बेटे को दोषी ठहराया गया। उनका आरोप है कि चैट में अंकिता को पुलकित के बजाय दूसरे लोग प्रताड़ित करते दिखाई देते हैं। हालांकि, ये सभी दावे विनोद आर्य की ओर से किए गए हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।
VIP के अस्तित्व से किया इनकार
अंकिता हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर लंबे समय से उठ रहे सवालों पर विनोद आर्य ने कहा कि मामले में जिस वीआईपी का नाम बार-बार उछाला जा रहा है, ऐसा कोई वीआईपी है ही नहीं।
उन्होंने एसआईटी की जांच को गलत बताते हुए आरोप लगाया कि जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया गया। उन्होंने कहा कि वह चैट और अन्य तथ्यों को जांच एजेंसी के सामने रखना चाहते हैं, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
जनदबाव में हुई कार्रवाई का आरोप
विनोद आर्य ने आरोप लगाया कि जनभावनाओं और जनदबाव में आकर उनके बेटे पुलकित आर्य और उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा हुई।
उनका कहना है कि उन्होंने चैट के आधार पर पुलिस और एसआईटी को कई बार जांच करने के लिए कहा, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने मांग की कि चैट में जिन लोगों की भूमिका संदिग्ध होने का दावा किया जा रहा है, उनकी भी जांच की जाए।
परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप
विनोद आर्य ने कहा कि सजा सुनाए जाने के बाद भी उनके बेटे और परिवार को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि वर्तमान में चल रही सीबीआई जांच में इस चैट को भी शामिल किया जाए और इसमें सामने आने वाले तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल की जाए।
रिजॉर्ट जलाने और पुलिस कस्टडी में मारपीट का दावा
मीडिया से बातचीत के दौरान विनोद आर्य ने आरोप लगाया कि पुलिस कस्टडी में पुलकित आर्य और उसके साथियों के साथ मारपीट की गई थी। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि उनके रिजॉर्ट को दो बार आग के हवाले किया गया, लेकिन इस संबंध में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
क्या है अंकिता भंडारी हत्याकांड?
पौड़ी जिले के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली 19 वर्षीय अंकिता भंडारी यमकेश्वर ब्लॉक के गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थी।
यह रिजॉर्ट पुलकित आर्य का था। 18 सितंबर 2022 को अंकिता अचानक लापता हो गई। इसके बाद उसके परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान पुलिस ने रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य, उसके साथी अंकित गुप्ता और मैनेजर सौरभ भास्कर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
जांच में सामने आया कि 18 सितंबर की रात अंकिता को चीला बैराज क्षेत्र में नहर में धक्का दिया गया था। 24 सितंबर 2022 को अंकिता का शव नहर से बरामद हुआ।
घटना सामने आने के बाद पूरे उत्तराखंड में आक्रोश फैल गया। प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन हुए और मामले में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग लगातार उठती रही।
मामले में लंबी सुनवाई और गवाहों के बयानों के आधार पर 30 मई 2025 को अदालत ने पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता को दोषी ठहराते हुए तीनों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई।
इसके बाद 9 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की संस्तुति दी।
अब विनोद आर्य की ओर से 4085 पेज की कथित चैट सार्वजनिक किए जाने के बाद मामले में नए दावे सामने आए हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या सीबीआई इन चैट और विनोद आर्य की ओर से उठाए गए सवालों को अपनी जांच का हिस्सा बनाएगी?



