जौलजीबी मेले में हरीश धामी का हंगामा, सीएम धामी का पलटवार। 2027 चुनाव में जनता देगी जवाब!
देहरादून। उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का उद्घाटन समारोह विकास की घोषणाओं से ज्यादा सियासी हंगामे को लेकर चर्चा में आ गया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यक्रम के दौरान स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी को मंच से संबोधन का अवसर नहीं मिलने पर शुरू हुआ विवाद अब भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव में बदल गया है।
मंच पर हंगामे, तोड़फोड़ और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की के आरोपों के बीच विधायक हरीश धामी समेत छह नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इस घटनाक्रम का जवाब देगी और कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
102.72 करोड़ की योजनाओं की सौगात के बीच शुरू हुआ विवाद
दरअसल, 14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया था।
इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात देने की घोषणा की। ऐतिहासिक व्यापारिक और सांस्कृतिक पहचान रखने वाला यह मेला छह साल बाद तिब्बती सामान की दुकानों को लेकर भी चर्चा में था।
कार्यक्रम के दौरान धारचूला से कांग्रेस विधायक एवं मेला समिति के अध्यक्ष हरीश धामी को मंच से संबोधन का अवसर नहीं मिला। विधायक का आरोप था कि मुख्यमंत्री ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें अपने ही विधानसभा क्षेत्र के महत्वपूर्ण कार्यक्रम में बोलने का मौका नहीं दिया गया।
बताया गया कि विधायक जब मंच पर पहुंचे और अपनी बात रखने लगे तो उनका माइक बंद कर दिया गया। इसके बाद अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते मंच पर हंगामे की स्थिति बन गई।
मंच पर नारेबाजी और तोड़फोड़, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी तहरीर
विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों की नाराजगी के दौरान मंच पर नारेबाजी और अव्यवस्था देखने को मिली।
आरोप है कि इस दौरान मंच पर तोड़फोड़ की गई और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट तथा पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस को दी गई शिकायत में सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए गए।
घटनाक्रम के बाद स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोतवाली जौलजीबी में प्रदर्शन किया और विधायक एवं उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तहरीर दी।
पुलिस ने मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए कांग्रेस विधायक हरीश सिंह धामी समेत छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 121(1), 132, 191(2), 324(3) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
नामजद आरोपियों में राम सिंह रोकया, सौरभ मर्तोलिया, नृप सिंह, मनोहर टोलिया और विक्रम दानू के नाम शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीएम धामी का कांग्रेस पर हमला, बोले- 2027 में जनता देगी जवाब
जौलजीबी मेले में हुए हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पूरे घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसे कांग्रेस के चाल, चरित्र और व्यवहार से जोड़ दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं की ऐसी तस्वीरें पहले भी कई जगह सामने आती रही हैं। जौलजीबी में जो कुछ हुआ, उसे पूरा उत्तराखंड देख रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि मंच पर जिस तरह का घटनाक्रम हुआ, उससे कांग्रेस की खिसियाहट साफ दिखाई देती है।
आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता इसका जवाब देगी और कांग्रेस को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को चुनाव के बाद विपक्ष में बैठकर इस तरह के व्यवहार का जवाब देना होगा।
हरीश धामी ने उठाए जनप्रतिनिधि के सम्मान और विकास के सवाल
दूसरी ओर विधायक हरीश धामी का कहना है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्र की समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को मंच से सामने रखना उनका अधिकार है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें जानबूझकर संबोधन का अवसर नहीं दिया गया। विधायक ने क्षेत्र में पूर्व में की गई विकास संबंधी घोषणाओं के धरातल पर नहीं उतरने का मुद्दा भी उठाया।
उनका कहना था कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से विकास कार्यों के पूरा होने का इंतजार कर रही है, लेकिन उनकी बात सुने बिना ही मुख्यमंत्री कार्यक्रम से रवाना हो गए। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने मंच पर विरोध जताया।
2027 चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस के बीच बढ़ा टकराव
जौलजीबी मेले का यह घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है, जब उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर दी हैं।
भाजपा जहां लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी और 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है, वहीं कांग्रेस सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति बना रही है।
ऐसे में जौलजीबी मेले का विवाद भी चुनावी सियासत का हिस्सा बनता दिखाई दे रहा है। एक तरफ भाजपा इस घटनाक्रम को कांग्रेस के राजनीतिक व्यवहार से जोड़कर जनता के बीच ले जाने की कोशिश कर रही है, तो दूसरी तरफ कांग्रेस विधायक के साथ हुए कथित व्यवहार और जनप्रतिनिधि को मंच पर बोलने का अवसर नहीं दिए जाने का मुद्दा उठा सकती है।
फिलहाल पुलिस जांच के बीच दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। अब देखना होगा कि जौलजीबी मेले का यह विवाद आने वाले दिनों में केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित रहता है या फिर 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच एक और बड़ा राजनीतिक मुद्दा बनकर उभरता है।



