हादसे, तेंदुआ और पेपर लीक का एक्शन! उत्तराखंड की 5 बड़ी खबरें एक क्लिक में पढ़ें….
हल्द्वानी में सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत
रामपुर रोड स्थित बेलबाबा के पास तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उत्तर उजाला निवासी 22 वर्षीय अरसलान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। दोनों रुद्रपुर से काम करके हल्द्वानी लौट रहे थे। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में ले लिया है।
रुद्रपुर में एक नंबर की दो कारें, चेसिस नंबर भी समान
रुद्रपुर एआरटीओ कार्यालय में यूके-06 एएन-0807 नंबर की दो स्विफ्ट डिजायर कारें सामने आने से हड़कंप मच गया। हैरानी की बात यह है कि दोनों वाहनों के चेसिस नंबर भी एक जैसे पाए गए। दोनों वाहन अलग-अलग लोगों के नाम पंजीकृत हैं।
जांच में आधार नंबर में भी समानता मिली, हालांकि फोटो और जन्मतिथि अलग-अलग हैं। अब मारुति की तकनीकी रिपोर्ट और पुराने दस्तावेजों की जांच से पूरे मामले का खुलासा होगा।
अल्मोड़ा में आतंक का पर्याय बना तेंदुआ पिंजरे में कैद
लाट गांव में लंबे समय से ग्रामीणों के बीच दहशत का कारण बने करीब आठ वर्षीय तेंदुए को वन विभाग ने पकड़ लिया। तेंदुए ने लोधिया, देवली और लाट गांव में सक्रियता बढ़ा रखी थी और कई मवेशियों का शिकार भी किया था। वन विभाग ने पिंजरा लगाकर उसे रेस्क्यू किया। अब स्वास्थ्य परीक्षण के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
UKSSSC पेपर लीक: तीन आरोपियों पर आरोप तय करने का रास्ता साफ
देहरादून की विशेष CBI अदालत ने UKSSSC स्नातक स्तरीय परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल के मामले में सुमन, मोहम्मद खालिद और साबिया के खिलाफ प्रथम दृष्टया पर्याप्त सामग्री मानी है।
आरोप है कि परीक्षा के दौरान प्रश्नपत्र के पेज की तस्वीरें खींचकर व्हाट्सऐप पर भेजी गईं और उनके उत्तर भी साझा किए गए। अदालत में 18 अगस्त 2026 को आरोप गठन की कार्यवाही होगी।
चंपावत में 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत
खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही कार बनलेख क्षेत्र में अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए हैं।
एक गंभीर घायल को हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस और SDRF ने रेस्क्यू कर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं।


