बिग ब्रेकिंग: उत्तराखंड में अपराधों की कई वारदातें। आप भी एक क्लिक में पढ़ें….

उत्तराखंड में अपराधों की कई वारदातें। आप भी एक क्लिक में पढ़ें….
  • डिजिटल अरेस्ट में 45.85 लाख की ठगी, खटीमा में जमीन हड़पने के आरोप; देहरादून में 30 लाख की चोरी का खुलासा

देहरादून। उत्तराखंड में ठगी, चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं के कई मामले सामने आए हैं। हरिद्वार में पत्नी को बुलाने की जिद में एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया।

वहीं खटीमा में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर थारू जनजाति के व्यक्ति की जमीन हड़पने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

देहरादून में बुजुर्ग दंपति से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 45.85 लाख रुपये की ठगी और बिधौली के बंद हॉस्टल से करीब 30 लाख रुपये का सामान चोरी करने के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की है।

इसके अलावा चकराता में रिजॉर्ट मालिक पर यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के आरोप लगे हैं, जबकि नैनीताल के बेतालघाट में घर में घुसे गुलदार को वन विभाग ने रेस्क्यू किया।

हरिद्वार में पत्नी को बुलाने के लिए टावर पर चढ़ा युवक

हरिद्वार के रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में पत्नी से विवाद के बाद विशाल राम नाम का युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक अपनी पत्नी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ा रहा।

सूचना मिलने पर पुलिस, एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, युवक मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बनारस का रहने वाला है। उसे सूचना मिली थी कि उसकी पत्नी हरिद्वार में रह रही है। हालांकि, पुलिस से संपर्क होने पर पत्नी के पीलीभीत में होने की जानकारी मिली।

खटीमा में 100 किलो सोने का लालच देकर जमीन हड़पने का आरोप, चार गिरफ्तार

ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा में थारू जनजाति के उमेश कुमार की जमीन कथित तौर पर हड़पने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोप है कि जमीन में 100 किलो सोना दबा होने का लालच देकर तांत्रिक क्रियाओं और पूजा-पाठ के नाम पर रकम खर्च कराई गई।

इसके बाद बंधक बनाने और दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर जमीन की रजिस्ट्री कराई गई। दस्तावेजों में जमीन के बदले 86 लाख रुपये नकद दिए जाने का उल्लेख बताया गया है।

पुलिस के मुताबिक, मामले में छह आरोपी शामिल थे। एक आरोपी तांत्रिक की मौत हो चुकी है, जबकि कश्मीर सिंह फरार है। पुलिस जमीन की रजिस्ट्री और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

खटीमा में नेपाल से तस्करी कर लाए जा रहे चीनी अखरोट बरामद

भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चीनी अखरोट के 75 बोरे बरामद किए। गश्ती दल को देखकर तस्कर मारुति ऑल्टो कार छोड़कर फरार हो गए।

तलाशी के दौरान वाहन और पास के खेत से अखरोट की खेप मिली। एसएसबी ने वाहन और बरामद माल को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खटीमा स्थित सीमा शुल्क कार्यालय के सुपुर्द कर दिया।

देहरादून में डिजिटल अरेस्ट कर बुजुर्ग दंपति से 45.85 लाख की ठगी

देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र में साइबर ठगों ने बुजुर्ग दंपति को करीब 60 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट के नाम पर मानसिक दबाव में रखकर 45.85 लाख रुपये ठग लिए।

आरोपियों ने खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए दंपति के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल आतंकी घटना में होने की बात कही और उनके बच्चों की जान को खतरा बताया।

जांच के नाम पर आरबीआई खाते में रकम जमा कराने का झांसा देकर 21 से 27 अगस्त के बीच पांच लेनदेन कराए गए। तीन अक्टूबर को बेटी के घर पहुंचने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और आरोपियों की पहचान की जांच शुरू कर दी है।

चकराता में रिजॉर्ट मालिक पर यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग के आरोप

चकराता क्षेत्र के एक रिजॉर्ट मालिक के खिलाफ दिल्ली निवासी 35 वर्षीय महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है।

महिला ने आरोप लगाया कि वर्ष 2022 में आरोपी ने उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बना लिए। इसके बाद फोटो-वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।

दिल्ली में दर्ज जीरो एफआईआर को आगे की जांच के लिए चकराता पुलिस को भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच महिला हेल्पलाइन प्रभारी उपनिरीक्षक दीपा शाह को सौंपी गई है। आरोपों की जांच जारी है।

बेतालघाट में घर में घुसा गुलदार, कुत्ते को मार डाला

नैनीताल जिले के बेतालघाट क्षेत्र के तल्ली सेठी गांव में रविवार देर रात एक वयस्क गुलदार घर में घुस गया। गुलदार ने घर में मौजूद कुत्ते को मार डाला। उसकी आवाज सुनकर घर में रह रही बुजुर्ग महिला ने पड़ोसियों को बुलाया और गुलदार को कमरे में बंद कर दिया।

सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए गुलदार को ट्रेंकुलाइज कर रेस्क्यू सेंटर पहुंचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

देहरादून में बंद हॉस्टल से 30 लाख का सामान चोरी, कबाड़ी समेत चार गिरफ्तार

देहरादून के बिधौली स्थित बंद दुआ बॉयज हॉस्टल से करीब 30 लाख रुपये का सामान चोरी करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

इनमें चोरी का सामान खरीदने वाला कबाड़ी असलम भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार लकड़ी के बेड और दो लोहे की अलमारियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी आदित्य शर्मा उर्फ रिंकू ने नशे की लत और कर्ज चुकाने के लिए चोरी की योजना बनाई थी। उसने जोगेंद्र कुमार और सचिन कुमार को साथ लेकर हॉस्टल का ताला तोड़ा और बेड, अलमारियां, गीजर समेत अन्य सामान चोरी किया। चोरी का कुछ सामान कबाड़ियों को बेच दिया गया था।

हॉस्टल संचालक के मुताबिक, 70 बेड, 35 अलमारियां, 32 गीजर, दो डीप फ्रीजर, छह सिलेंडर, 20 दरवाजे और बाथरूम की फिटिंग समेत कई सामान गायब थे।

कुल नुकसान करीब 30 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में एक अन्य आरोपी की भूमिका भी सामने आई है, जिसकी तलाश की जा रही है।