क्राइम अलर्ट: कांवड़ियों का हंगामा, सृष्टि केस में कोर्ट सख्त, भू-माफिया गिरफ्तार, साइबर फ्रॉड का खुलासा

कांवड़ियों का हंगामा, सृष्टि केस में कोर्ट सख्त, भू-माफिया गिरफ्तार, साइबर फ्रॉड का खुलासा

देहरादून। उत्तराखंड में रविवार को कई बड़ी घटनाएं सुर्खियों में रहीं। साइबर अपराधियों के नए ‘जंप्ड डिपॉजिट फ्रॉड’ को लेकर एसटीएफ ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने कहा कि फर्जी क्रेडिट SMS और मनी कलेक्ट रिक्वेस्ट के जरिए ठग लोगों से UPI PIN डलवाकर खाते खाली कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से किसी भी संदिग्ध नोटिफिकेशन पर क्लिक न करने और ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन व राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की।

उधर, हरिद्वार के मंगलौर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक कार की टक्कर से कांवड़ खंडित होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। गुस्साए कांवड़ियों ने कार में तोड़फोड़ कर दी।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

इधर, सृष्टि कंडारी संदिग्ध मौत मामले में मृतका की सास प्रवीना खत्री को कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। दहेज हत्या के मामले में गिरफ्तारी से बचने के लिए दाखिल की गई उनकी अंतरिम अग्रिम जमानत याचिका अदालत ने खारिज कर दी।

अदालत ने मामले की गंभीरता का हवाला देते हुए कोई राहत देने से इनकार किया। नियमित अग्रिम जमानत याचिका पर अब 10 अगस्त को सुनवाई होगी।

वहीं, देहरादून पुलिस के ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत करोड़ों रुपये की जमीन हड़पने की साजिश में शामिल फरार आरोपी राजकमल को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस के मुताबिक मृत व्यक्ति के नाम पर फर्जी पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। मामले की मुख्य आरोपी बबीता देवी पहले ही जेल भेजी जा चुकी है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।