गोपेश्वर के मेधावी आलेख परमार का कमाल, पहले ही प्रयास में IIT मुंबई में बनाया स्थान
- जेईई एडवांस्ड 2026 में शानदार सफलता, सुदूर पर्वतीय क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बने प्रेरणास्रोत
देहरादून। श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) विश्वविद्यालय, देहरादून के स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी ने एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, गोपेश्वर के मेधावी छात्र आलेख परमार को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई में प्रवेश मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
आलेख ने जेईई एडवांस्ड-2026 परीक्षा पहले ही प्रयास में उत्तीर्ण कर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने आलेख परमार, उनके माता-पिता तथा गुरुजनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
गोपेश्वर जैसे सुदूर पर्वतीय क्षेत्र से आने वाले आलेख की इस उपलब्धि ने स्थानीय विद्यार्थियों और अभिभावकों में नया उत्साह भर दिया है।
एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, गोपेश्वर के प्रधानाचार्य दान सिंह बिष्ट ने बताया कि आलेख शुरू से ही प्रतिभाशाली, अनुशासित और मेहनती छात्र रहे हैं। उन्होंने शैक्षणिक उपलब्धियों में हमेशा उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और वर्ष 2026 की सीबीएसई कक्षा 12 परीक्षा में विद्यालय के टॉपर भी रहे।
एसजीआरआर परिवार ने आलेख की सफलता को पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया है। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बनती।
दृढ़ संकल्प, निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन के बल पर सुदूर पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थी भी देश के प्रतिष्ठित संस्थानों तक पहुंच सकते हैं। आलेख परमार आज उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक प्रेरणादायी रोल मॉडल बनकर उभरे हैं।

