पंतनगर में 90 पैक्स अध्यक्षों का तीन दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण संपन्न

पंतनगर में 90 पैक्स अध्यक्षों का तीन दिवसीय नेतृत्व प्रशिक्षण संपन्न

पंतनगर। सहकार भारती उत्तराखंड के तत्वावधान में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में कुमाऊं मंडल के छह जिलों के करीब 90 पैक्स अध्यक्षों और पदाधिकारियों का तीन दिवसीय आवासीय नेतृत्व प्रशिक्षण वर्ग संपन्न हुआ।

प्रशिक्षण में नैनीताल, ऊधम सिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ और चम्पावत जिले के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का वर्चुअल उद्घाटन 21 सितंबर को पूज्य लक्ष्मणराव इनामदार (वकील साहब) की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस दौरान सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश कुमार सेमवाल, सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया, पंतनगर विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कुमार कश्यप और सहकारिता सचिव डॉ. अहमद इकबाल मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन सहकार भारती के विभाग प्रमुख प्रशांत अनुज कौशिक ने किया।

उद्घाटन सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने सहकार क्षेत्र से जुड़े चार नए आयामों का लोकार्पण किया। इनमें सहकार ग्रंथम स्मारिका, देवभूमि सारथी सहकारी संघ, युवाओं के लिए सहकार जागरूकता रील्स और प्रशिक्षण सत्र शामिल रहे। देवभूमि सारथी सहकारी संघ भारत टैक्सी के साथ सहयोग करेगा।

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पैक्स के कामकाज, सहकारी व्यवस्था और नेतृत्व क्षमता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ सत्र आयोजित किए गए।

इनमें नई राष्ट्रीय सहकारिता नीति 2026, त्रिस्तरीय सहकारी व्यवस्था, समिति में चुनाव एवं संचालन प्रक्रिया, नेतृत्व विकास, व्यवसाय के नए अवसर, नाबार्ड के माध्यम से वित्त प्रवाह और सहकार क्षेत्र में युवाओं के लिए करियर के अवसर प्रमुख रहे।

प्रशिक्षण में पैक्स को बहुआयामी व्यवसाय केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। मिलेट, सेब-कीवी, बीज उत्पादन, एफपीओ और आईटीबीपी-दुग्ध मॉडल जैसे क्षेत्रों में व्यवसाय के अवसरों की जानकारी प्रतिभागियों को दी गई।

साथ ही नाबार्ड की विभिन्न योजनाओं और पैक्स को वित्तीय रूप से मजबूत करने के उपायों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

समापन सत्र में कृषि मंत्री गणेश जोशी वर्चुअल माध्यम से जुड़े, जबकि राज्य मंत्री डॉ. भुवन विक्रम डबराल कार्यक्रम में मौजूद रहे। प्रशिक्षण पूरा करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में सहकार भारती प्रदेश अध्यक्ष विनोद गौड़ सहित सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और पंतनगर विश्वविद्यालय के स्टाफ मौजूद रहे।

आयोजन को सफल बनाने में संयोजक मनीराम नौटियाल, रविंद्र कश्यप, सुधीर कुमार जोशी, राकेश डंगवाल, हरीश रावत, ब्रज मोहन मधवाल, रविंद्र धोभाल, हरि सकलानी सहित अन्य कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।