बिग ब्रेकिंग: चारधाम में आस्था का सैलाब, 4 लाख पार श्रद्धालु। केदारनाथ में रिकॉर्ड भीड़, फर्जी वीडियो की साजिश बेनकाब

चारधाम में आस्था का सैलाब, 4 लाख पार श्रद्धालु। केदारनाथ में रिकॉर्ड भीड़, फर्जी वीडियो की साजिश बेनकाब

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध चारधाम यात्रा 2026 आस्था और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच तेजी से आगे बढ़ रही है। 19 अप्रैल को यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ शुरू हुई यात्रा में अब तक 4,07,961 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। चारों धामों में लगातार बढ़ती भीड़ के बीच प्रशासन ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखा है।

केदारनाथ में सबसे अधिक भीड़

केदारनाथ धाम में इस बार श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। महज एक सप्ताह में ही 2,07,452 श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। 28 अप्रैल को अकेले 21,134 श्रद्धालु धाम पहुंचे, जिनमें 13,422 पुरुष, 7,640 महिलाएं और 72 बच्चे शामिल रहे।

यमुनोत्री और गंगोत्री का हाल

यमुनोत्री धाम में 28 अप्रैल को 6,812 श्रद्धालु पहुंचे, जबकि अब तक कुल संख्या 57,704 हो चुकी है।
वहीं, गंगोत्री धाम में आज 7,110 श्रद्धालु पहुंचे और कुल संख्या 57,863 तक पहुंच गई है। दोनों धामों में मिलाकर अब तक 1,15,567 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

बदरीनाथ में भी बढ़ी रफ्तार

बदरीनाथ धाम में 28 अप्रैल को 15,898 श्रद्धालु पहुंचे। अब तक यहां 84,942 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।

व्यवस्थाओं से संतुष्ट श्रद्धालु

भारी भीड़ के बावजूद केदारनाथ यात्रा मार्ग पर व्यवस्थाएं संतोषजनक बताई जा रही हैं। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पैदल मार्ग पर स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, आवास और सुरक्षा की व्यवस्थाओं की श्रद्धालुओं ने सराहना की है। देश-विदेश से आए यात्रियों ने क्राउड मैनेजमेंट को प्रभावी बताया।

फर्जी वीडियो का खुलासा

सोशल मीडिया पर वायरल घोड़े-खच्चर से जुड़ा एक वीडियो भ्रामक निकला। प्रशासन की जांच में यह वीडियो तीन साल पुराना पाया गया और इसका वर्तमान यात्रा से कोई संबंध नहीं मिला। संबंधित पशु भी इस यात्रा में पंजीकृत नहीं था। प्रशासन ने इसे साजिश करार देते हुए अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

हेलीकॉप्टर टिकट ठगी पर सख्ती

केदारनाथ हेलीकॉप्टर टिकट के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को न्यायालय ने दोषी करार देते हुए 3-3 वर्ष के कठोर कारावास और जुर्माने की सजा सुनाई है। इसके अलावा आपराधिक षड्यंत्र के तहत अतिरिक्त सजा भी दी गई है।

चारधाम यात्रा 2026 में जहां एक ओर रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, वहीं प्रशासन की सतर्कता, बेहतर प्रबंधन और सख्त निगरानी यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए हुए है।