हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी, बर्फ की सफेद चादर से सजा पवित्र धाम
रिपोर्ट- गिरीश चंदोला
चमोली। सिखों के पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुंड साहिब में सीजन की पहली बर्फबारी ने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ा दिया है।
बृहस्पतिवार सुबह बारिश के साथ हेमकुंड साहिब में ताजा हिमपात हुआ, जिससे पूरा क्षेत्र बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। बर्फ से आच्छादित गुरुद्वारा परिसर और आसपास की चोटियों का मनमोहक दृश्य श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
सीजन की पहली बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब पहुंचे श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारे में मत्था टेककर आशीर्वाद लिया और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद उठाया।
श्रद्धालुओं का कहना है कि पवित्र धाम के दर्शन के साथ पहली बर्फबारी देखने का अवसर उनके लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया है। बर्फ से ढकी पहाड़ियों और शांत वातावरण ने यात्रा को और भी खास बना दिया है।
वहीं, बरसात का दौर कम होने के बाद हेमकुंड साहिब यात्रा ने भी गति पकड़ ली है। वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 1500 से 1800 श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच रहे हैं। फूलों की घाटी घूमने आने वाले पर्यटक भी बड़ी संख्या में हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
हेमकुंड साहिब मैनेजमेंट ट्रस्ट के मैनेजर सेवा सिंह ने बताया कि यात्रा सुचारु और व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। उन्होंने बताया कि 16 सितंबर को 1894 श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब में मत्था टेका।
वहीं, 16 सितंबर तक कुल 3,26,828 श्रद्धालु पवित्र धाम के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और यात्रा धीरे-धीरे फिर से रफ्तार पकड़ रही है।
सीजन की पहली बर्फबारी ने हेमकुंड साहिब की प्राकृतिक सुंदरता में चार चांद लगा दिए हैं, जिससे यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।


