गढ़वाल-कुमाऊं में भूकंप की दहशत, कई जिलों में महसूस हुए तेज झटके
देहरादून। उत्तराखंड में मंगलवार देर रात भूकंप के तेज झटकों से लोगों में दहशत फैल गई। रात 10:23 बजे आए भूकंप का केंद्र चमोली जिला रहा, जहां राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार भूकंप की तीव्रता 4.9 मैग्नीट्यूड और गहराई 13 किलोमीटर दर्ज की गई।
झटके चमोली, रुद्रप्रयाग, पौड़ी, देहरादून, अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, उधमसिंह नगर समेत प्रदेश के कई जिलों में महसूस किए गए।
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों और इमारतों से बाहर निकल आए।
हल्द्वानी, रुद्रपुर, भीमताल, खटीमा, ऋषिकेश, श्रीनगर, गोपेश्वर, बदरीनाथ, थराली और पोखरी समेत गढ़वाल व कुमाऊं मंडल के अनेक क्षेत्रों से झटके महसूस होने की जानकारी सामने आई।
कई स्थानों पर करीब पांच सेकंड तक धरती कांपने का एहसास हुआ, जिससे लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के मुताबिक भूकंप का असर उत्तराखंड के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों तक महसूस किया गया। भूकंप के झटके शिमला, कुरुक्षेत्र, नोएडा, चंडीगढ़ और नई दिल्ली तक दर्ज किए गए।
हालांकि, समाचार लिखे जाने तक राज्य के किसी भी जिले से जनहानि या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उत्तराखंड हिमालयी क्षेत्र में स्थित होने के कारण भूकंप की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील माना जाता है। विशेषज्ञ लंबे समय से राज्य में बड़े भूकंप की आशंका को लेकर चेतावनी देते रहे हैं।
इसी बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले कुछ घंटों के लिए तेज हवाओं और बारिश का ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है, जिससे प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।



