रामनगर में होटल से दो नाबालिग छात्राएं बरामद, आईडी जांच में लापरवाही पर होटल सील
रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर स्थित हिम्मतपुर डोटियाल क्षेत्र में एक होटल से दो नाबालिग छात्राओं को बरामद किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से दो युवकों को भी हिरासत में लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कोजी कैफे होटल एवं होमस्टे में दो छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म में मिलीं, जिनके साथ कमरे में दो युवक मौजूद थे। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तत्काल कार्रवाई की और छात्राओं को सुरक्षित अभिरक्षा में लिया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष मदन जोशी की सूचना पर की गई। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया है।
आईडी जांच में लापरवाही, होटल सील
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि होटल प्रबंधन ने कमरा देने से पहले पहचान पत्र की जांच नहीं की। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस ने होटल को सील कर दिया है। साथ ही होटल में संचालित हुक्का बार को भी बंद करा दिया गया है। पुलिस ने होटल के सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों पर उठे सवाल
सूत्रों के मुताबिक, दोनों छात्राएं शहर के एक इंटर कॉलेज की बताई जा रही हैं। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था और छात्रों की उपस्थिति को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय स्तर पर अभिभावकों को समय पर सूचना देने की व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामला संवेदनशील है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। युवकों की भूमिका, होटल प्रबंधन की जिम्मेदारी और अन्य संभावित कड़ियों की गहराई से पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

