ढलान बना ‘खतरे का जोन’, मोहब्बेवाला में फिर बेकाबू ट्रक। बड़ा हादसा टला
देहरादून। दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार के बाद शहर की सीमा में प्रवेश करते ही वाहनों की रफ्तार हादसों में बदलती नजर आ रही है। देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब एक लोडेड ट्रक ढलान पर अनियंत्रित हो गया।
कार को मारी टक्कर, पोल और दीवार से जा भिड़ा ट्रक
जानकारी के मुताबिक सहारनपुर से देहरादून आ रहा ट्रक मोहब्बेवाला के ढलान वाले हिस्से में नियंत्रण खो बैठा। ट्रक ने पहले एक कार को जोरदार टक्कर मारी, फिर बिजली के पोल से टकराते हुए सड़क किनारे दीवार में जा घुसा।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। वहीं कार का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूटकर ट्रक में जा धंसा।
आधे घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और क्रेन मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कार चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
ट्रक चालक जुनैद केबिन में फंसा हुआ था, जिसे कटर की मदद से निकालकर अस्पताल भेजा गया।
हादसों का ‘हॉटस्पॉट’ बनता मोहब्बेवाला
मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसे चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। हाल के महीनों में यहां कई गंभीर दुर्घटनाएं सामने आ चुकी हैं:-
- 16 अप्रैल: तेज रफ्तार ट्रक ने खड़े वाहनों और ऑटो को टक्कर मार दी
- 09 मार्च: मार्बल से लदा ट्रक पलटा, यातायात बाधित
- 18 फरवरी: ट्रक के कार पर पलटने से आग लगी
- 05 दिसंबर: सीमेंट लदा ट्रक दुकानों में घुसा, दो लोग घायल
सुरक्षा उपायों की उठ रही मांग
लगातार हो रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोग और राहगीर सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। ढलान वाले इस हिस्से में स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेत और ट्रैफिक मॉनिटरिंग की जरूरत महसूस की जा रही है।
सवाल यही है- क्या अगला बड़ा हादसा रोकने के लिए समय रहते कदम उठाए जाएंगे?

