दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ जला ‘आशीर्वाद का दीया’, NIVH छात्रावास में सामाजिक समरसता का संदेश
देहरादून। राजपुर रोड स्थित एनआईवीएच (नेशनल इंस्टीट्यूट फॉर द एम्पावरमेंट ऑफ पर्सन्स विथ विजुअल डिसएबिलिटीज) के डॉ. भीमराव अंबेडकर छात्रावास में दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ विशेष ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और सफलता की कामना करते हुए सेवा, संवेदना और सामाजिक सहभागिता का संदेश देना था।
होलकर एजुकेशनल ट्रस्ट एवं मनुशक्ति संगठन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों ने दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ दीप प्रज्वलित कर उनके जीवन में ज्ञान, आशा और आत्मविश्वास के प्रकाश की कामना की।
कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और उत्साह से भरपूर रहा, जहां विद्यार्थियों और अतिथियों ने मिलकर खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एडवोकेट डॉ. पंकज होलकर, एडिफाई वर्ल्ड स्कूल के प्रधानाचार्य प्रदीप गौड़, मनुशक्ति संगठन की अध्यक्ष ममता पंगते नगर, सिविल डिफेंस देहरादून के डिप्टी कंट्रोलर श्यामेंद्र साहू, दिनेश नगर, प्रज्ञा भारद्वाज सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने सहभागिता की।
अतिथियों ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भी विशेष आयोजन किया गया। इस दौरान समानता, सेवा, संवेदना और सामाजिक समरसता के मूल्यों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
आयोजकों ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलने की भावना ही एक सशक्त और समावेशी राष्ट्र की पहचान है।
दिव्यांग विद्यार्थियों के साथ मनाया गया यह आयोजन मानवीय मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और समावेशी समाज की भावना को मजबूत करने वाला एक प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ।


