उत्तराखंड में दोहरी त्रासदी! हेलीकॉप्टर हादसे में 6 की मौत, उरी में चमोली के जवान का निधन
देहरादून। उत्तराखंड के चमोली जिले में 30 अक्टूबर का दिन दो बड़ी दुखद घटनाओं के कारण शोक में डूबा रहा। एक ओर बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून लौट रहा हेलीकॉप्टर ज्योतिर्मठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें पायलट समेत छह लोगों की मौत हो गई।
हादसे की जांच के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम देहरादून भेजी गई है। वहीं, दूसरी ओर जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर में तैनात चमोली निवासी नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया का हृदय गति रुकने से निधन हो गया। हरिद्वार में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
बदरीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर चाई गांव के ऊपर पहाड़ी पर क्रैश
चमोली जिले में ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर वीटी-एचसीएक्स बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपोर्ट के लिए रवाना हुआ था।
हेलीकॉप्टर ने 30 अक्टूबर को दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) घाटी में हाथी पहाड़ के पीछे चाई गांव के पास हेलीकॉप्टर से संपर्क टूट गया। इसके साथ ही उसकी लाइव लोकेशन ट्रैकिंग भी बंद हो गई।
सूचना मिलते ही यूकाडा, चमोली जिला प्रशासन, भारतीय सेना, आपदा प्रबंधन विभाग और एसडीआरएफ की टीमें तलाश एवं बचाव अभियान में जुट गईं।
खोजबीन के दौरान ज्योतिर्मठ तहसील के पांडुकेश्वर स्थित चाई गांव के ऊपर पहाड़ी पर हेलीकॉप्टर का मलबा मिला। दुर्घटना में हेलीकॉप्टर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और शव जली हुई अवस्था में बरामद किए गए।
हादसे में पायलट समेत छह लोगों की मौत
इस दर्दनाक हादसे में दिल्ली निवासी 48 वर्षीय कैप्टन हिमांशु सभरवाल और कर्नाटक के पांच यात्रियों की जान चली गई। मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है।
1. कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष), निवासी दिल्ली।
2. प्रताप (41 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
3. अरुण सालुंके (44 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
4. वीबी शंकर गौड़ा (39 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
5. सुधीर के (50 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
6. एचएस नटराजा (51 वर्ष), निवासी कर्नाटक।
मृतकों में कर्नाटक के सीसीबी इंस्पेक्टर अरुण सालुंके भी शामिल थे।
DGCA की टीम करेगी हादसे की जांच, कंपनी के सभी हेलीकॉप्टरों पर रोक
हेलीकॉप्टर हादसे के बाद नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने दुर्घटना की जांच के लिए DGCA की टीम को देहरादून भेजा है। वहीं, एहतियातन ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।
उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) के सीईओ प्रतीक जैन के अनुसार, हेलीकॉप्टर की लाइव लोकेशन लगातार ट्रैक की जा रही थी।
दोपहर करीब 1:14 बजे बदरीनाथ से उड़ान भरने के बाद जब हेलीकॉप्टर जोशीमठ घाटी पार कर रहा था, उसी दौरान उसकी लाइव लोकेशन ट्रैकिंग गायब हो गई। इसके बाद हेलीकॉप्टर का पता नहीं चल पाया।
उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन से जानकारी जुटाने के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया गया। मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए ही हेलीकॉप्टर संचालन की अनुमति दी गई थी। हालांकि, दुर्घटना के कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दुर्घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चमोली जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और राहत संबंधी व्यवस्थाएं तत्परता से सुनिश्चित करने को कहा है।
नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया पंचतत्व में विलीन
चमोली जिले के हरमल गांव निवासी भारतीय सेना की 11 गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायब सूबेदार विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया का 28 अक्टूबर को जम्मू-कश्मीर के बारामूला में हृदय गति रुकने से निधन हो गया था।
वह उरी सेक्टर में तैनात थे और करीब 24 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवाएं देकर देश की रक्षा में योगदान दे चुके थे। शुक्रवार को हरिद्वार में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
विश्वनाथ प्रताप सिंह गड़िया के निधन की खबर से उनके पैतृक गांव हरमल समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सैन्य पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाले उनके पिता देव सिंह गड़िया भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। उनके दो बड़े भाई नरेंद्र सिंह और प्रवीण सिंह भी सेना में सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
7 साल की बेटी और 4 साल के बेटे के सिर से उठा पिता का साया
नायब सूबेदार विश्वनाथ अपने पीछे माता-पिता, पत्नी जानकी देवी, सात वर्षीय बेटी शानवी और चार वर्षीय बेटे श्रेयांश को छोड़ गए हैं। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। दो मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है, जबकि पत्नी और बुजुर्ग माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
चमोली पुलिस ने भी वीर जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है। पुलिस ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।



