बड़ा हादसा: हरिद्वार में स्कूल बसों में आग, गदरपुर में नेपाल जा रही बस पलटी, रुद्रपुर हाईवे पर भीषण टक्कर

हरिद्वार में स्कूल बसों में आग, गदरपुर में नेपाल जा रही बस पलटी, रुद्रपुर हाईवे पर भीषण टक्कर

देहरादून। उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन बड़े हादसों ने प्रशासन और आमजन दोनों को झकझोर दिया है। हरिद्वार में स्कूल परिसर में खड़ी बसों में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई।

वहीं उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर में नेपाल जा रही बस पलटने से कई यात्री घायल हो गए। इसके अलावा रुद्रपुर-नैनीताल हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत में एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।

हरिद्वार: स्कूल परिसर में दो बसें जलकर खाक

हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र स्थित अलीपुर गांव में माउंट लिटेरा स्कूल परिसर में मंगलवार रात अचानक खड़ी बसों में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दो बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

घटना रात करीब साढ़े आठ बजे की है, जब ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों ने एक बस से धुआं उठता देखा। कर्मचारियों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी दूसरी बस को भी अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि समय रहते अन्य बसों को सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है, प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

गदरपुर: नेपाल जा रही बस पलटी, मासूम सहित 9 घायल

उधम सिंह नगर जिले के गदरपुर क्षेत्र में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। हरिद्वार से नेपाल जा रही भारत-नेपाल मैत्री सेवा की बस अनियंत्रित होकर खेत में पलट गई।

हादसा सुबह करीब 2 बजे गोपाल नगर तिराहे के पास हुआ। बस में चालक दल समेत 65 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश नेपाल के डांग जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में एक माह की मासूम बच्ची सहित कुल 9 लोग घायल हुए, जिनमें 6 की हालत गंभीर है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बारिश के दौरान चालक को झपकी आने से बस अनियंत्रित हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, 112 सेवा और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। गंभीर घायलों को रुद्रपुर रेफर किया गया है, जबकि अन्य का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।

रुद्रपुर: रोडवेज बस-ट्रैक्टर ट्रॉली में टक्कर, चालक गंभीर

रुद्रपुर-नैनीताल हाईवे पर देर रात रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

हादसे में ट्रैक्टर चालक इरशाद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही माना जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही, जिसे बाद में सुचारू कर दिया गया।

पुलिस की अपील

लगातार हो रहे हादसों के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें, थकान की स्थिति में वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें।