बिग ब्रेकिंग: खुद को पत्रकार बताकर युवक से 2 लाख की मांग, महिला समेत तीन पर केस

खुद को पत्रकार बताकर युवक से 2 लाख की मांग, महिला समेत तीन पर केस

हरिद्वार जनपद हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र में गैस सिलेंडर डिलीवरी के दौरान एक युवक से रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर तीन आरोपियों—जिनमें एक महिला भी शामिल है—के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला

पुलिस के अनुसार, धनपुरा, पथरी निवासी 35 वर्षीय अमृत कुमार पुष्पक गैस सर्विस में डिलीवरी का काम करता है। 27 मार्च 2026 को वह आर्यनगर स्थित संतोष विहार में गैस सिलेंडर देने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में तीन लोगों ने उसकी बाइक रोक ली।

आरोप है कि आरोपियों ने पहले बाइक की चाबी निकाल ली और फिर सिलेंडर का वजन कराने की बात कही। जब अमृत कुमार ने उनका परिचय पूछा, तो उन्होंने खुद को पत्रकार बताते हुए उसे धमकाना शुरू कर दिया।

ऑफिस तक पीछा कर मांगी रंगदारी

एफआईआर के मुताबिक, घटना के बाद पीड़ित किसी तरह अपने कार्यालय पहुंच गया, लेकिन आरोपी वहां भी पहुंच गए। आरोप है कि यहां उन्होंने अमृत कुमार से दो लाख रुपये की मांग की। पीड़ित द्वारा इनकार करने पर उसने अपने कार्यालय में जानकारी दी और बाद में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इन आरोपियों पर दर्ज हुआ मुकदमा

पुलिस ने इस मामले में देवम मेहता, अर्चना डिगरा और विश्वास सैनी को नामजद किया है। तीनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 308(2) के तहत केस दर्ज किया गया है।

मामले की जांच उपनिरीक्षक महिपाल सिंह को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि घटना की सत्यता और आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है।